हैदराबाद टेस्ट Day 1 : इंग्लैंड 246 पर ढेर, भारत की अच्छी शुरुआत
इंग्लैंड की बैजबॉल रणनीति को नाकाम करते हुए भारतीय स्पिन तिकड़ी ने पहले टेस्ट के पहले दिन उसे पहली पारी में 246 रन पर ऑलआउट किया और जवाब में यशस्वी जायसवाल के शानदार अर्धशतक से मेजबान ने अच्छी शुरूआत की।
पहले दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने 23 ओवर में एक विकेट पर 119 रन बना लिये थे। शानदार फॉर्म में दिख रहे यशस्वी जायसवाल ने 70 गेंद में 76 रन बनाकर खेल रहे हैं जिसमें नौ चौके और तीन छक्के हैं। शुभमन गिल ने 14 रन बना लिये हैं।
भारत का एक विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में गया जो स्पिनर जैक लीच की गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को कैच देकर लौटे। उन्होंने 27 गेंद में तीन चौकों से 24 रन बनाये। सुबह स्टोक्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, उनके बल्लेबाज भारतीय स्पिन तिकड़ी का सामना नहीं कर सके।

मददगार पिच पर रविचंद्रन अश्विन ने 68 और रविंद्र जडेजा ने 88 रन देकर तीन तीन विकेट झटके, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह को दो दो विकेट मिले। पहली ही गेंद से आक्रामक खेलने की इंग्लैंड की ‘बैजबॉल’ रणनीति कहीं नहीं दिखी जिसके दम पर पिछले कुछ अर्से में उसने अपार सफलता हासिल की है।
भारतीय कप्तान रोहित ने 64 . 3 में से 52 ओवर तीनों स्पिनरों से कराये और वे कप्तान के भरोसे पर खरे भी उतरे। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले आठ ओवरों में 41 रन बना लिये थे। अश्विन ने 12वें ओवर में डकेट को पगबाधा आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। डकेट ने 39 गेंद में सात चौकों से 35 रन बनाये।

पहले विकेट की 55 रन की साझेदारी टूट गई। यह अश्विन की 11वीं गेंद थी। जडेजा ने ओली पोप को 14वें ओवर में पहली स्लिप में कप्तान रोहित शर्मा के हाथों लपकवाया। अश्विन ने अगले ओवर में क्रॉली को अपना 492वां टेस्ट शिकार बनाया। उनकी फुललैंग्थ गेंद पर क्रॉली ने मोहम्मद सिराज को कैच थमाया।
तीन विकेट 60 रन पर गिरने के बाद रूट और बेयरस्टो ने पारी को संभाला। उनके बीच 61 रन की साझेदारी को तोड़ते हुए अक्षर ने बेयरस्टो को पवेलियन भेजा। स्पिन को बखूबी खेलने वाले रूट बेहद खराब ढंग से अपना विकेट गंवा बैठे। पूर्व कप्तान ने जड़ेजा की फुल लैंग्थ गेंद पर खराब शॉट खेलकर शॉर्ट फाइन लेग में जसप्रीत बुमराह को कैच थमाया।
बेन फोक्स 24 गेंद में चार रन बनाकर अक्षर का दूसरा शिकार बने जिनका कैच विकेट के पीछे केएस भरत ने लपका। टॉम हार्टली (23) को जडेजा ने और मार्क वुड (11) को अश्विन ने आउट किया, रेहान अहमद (13) ने बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे कोना भरत को कैच थमाया।