Trending

हैदराबाद टेस्ट Day 2 : राहुल और जडेजा के अर्धशतक, भारत को 175 रन की बढ़त

यशस्वी जयसवाल (80), केएल राहुल (86) और रवींद्र जडेजा (नाबाद 81) की अर्धशतकीय पारियों से भारत ने यहां राजीव गांधी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर 7 विकेट पर भारत ने 421 रन बनाए। जडेजा 81 और अक्षर 35 रन बनाकर नाबाद हैं।

भारत की कुल बढ़त 175 रनों की हो चुकी है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए थे। दूसरे दिन भारत ने अपने कल के स्कोर 1 विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरु किया था। यशस्वी ने चौके के साथ पारी की शुरुआत की, जो रूट ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेजा। यशस्वी ने 74 गेंदों पर 10 चौकों और 3 छक्कों से 80 रन बनाए।

Credits : Espncricinfo

शुभमन गिल 23 रन बनाकर 159 के कुल स्कोर पर टॉम हार्टली का शिकार बने। चौथे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर और राहुल ने 64 रन जोड़े। 223 के कुल स्कोर पर अय्यर को रेहान अहमद ने पवेलियन भेज भारत को चौथा झटका दिया। अय्यर ने 35 रन बनाए।

राहुल और जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 65 रन जोड़े। जब लग रहा था कि राहुल आसानी से अपना शतक पूरा कर लेंगे, टॉम हर्टली ने राहुल को स्क्वायर लेग बाउंड्री पर रेहान अहमद के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा।

राहुल ने 123 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के से 86 रन बनाए। राहुल के आउट होने के जडेजा नी श्रीकर भरत के साथ छठें विकेट के लिए 68 रन जोड़े। 356 के कुल स्कोर पर जो रूट ने भरत को एलबीडब्ल्यू कर इंग्लैंड को छठी सफलता दिलाई। भरत ने 41 रन बनाए।

358 के कुल स्कोर पर रविचंद्रन अश्विन (01) दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए। जडेजा और अक्षर ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया और दिन का खेल खत्म होने पर भारत का स्कोर 7 विकेट पर 421 रन पहुंचाया।

जडेजा 81 और पटेल 35 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 63 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड के लिए जो रूट और टॉम हार्टली ने 2-2 व जैक लीच और रेहान अहमद ने 1-1 विकेट लिया।

इससे पहले कप्तान बेन स्टोक्स के अर्धशतक से इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए। स्टोक्स ने 70 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।

स्टोक्स के अलावा बेन डकेट (35), जॉनी बेयरस्टो (37) और जो रूट (29) ने अहम योगदान दिया। भारत के लिए पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने 3-3 व अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिया।