हॉकी महिला विश्वकप : दक्षिण अफ्रीका की हार, फाइनल में भारत
भारतीय महिला टीम ने यहां दक्षिण अफ्रीका पर 6-3 की जीत हासिल करते हुए एफआईएच हॉकी5एस महिला विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भारत का सामना नीदरलैंड से होगा।
अक्षता अबासो ढेकाले (सातवें मिनट), मारियाना कुजूर (11वें), मुमताज खान (21वें), रुतुजा दादासो पिसल (23वें), ज्योति छत्री (25वें) और अजीमा कुजूर (26वें) ने शुक्रवार रात हुए सेमीफाइनल में भारत के लिए गोल दागे।

दक्षिण अफ्रीका के लिए टेशॉन डी ला रे (पांचवें), कप्तान टोनी मार्क्स (आठवें) और डिर्की चेम्बरलेन (29वें) ने गोल किये। दक्षिण अफ्रीका ने पहले हाफ में डिफेंसिव शुरूआत की, गोल करने का पहला मौका उसे ही मिला। भारतीय गोलकीपर रजनी इतिमारपू काफी सतर्क थी।
दक्षिण अफ्रीका की डी ला रे के करीबी रिवर्स शार्ट से टीम ने शुरूआत में बढ़त बना ली। यह ज्यादा देर नहीं रह सकी और अक्षता दक्षिण अफ्रीका की गोलकीपर ग्रेस कोचराने को छकाते हुए ताकतवर शॉट से भारत को 1-1 की बराबरी पर किया।
कप्तान टोनी ने गोल कर दक्षिण अफ्रीका को बढ़त दिलाई, मारियाना के गोल से भारत फिर बराबरी पर था। दूसरे हाफ में दक्षिण अफ्रीका ने तेज शुरूआत की जिससे भारतीय गोलकीपर फिर से काफी सतर्क हो गयीं।
मुमताज के गोल से भारत ने पहली बार मैच में बढ़त बनायी। रूतुजा ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए गोल किया। दक्षिण अफ्रीका की कोशिशें जारी रहीं, उसे सफलता नहीं मिली।
खेल खत्म होने में पांच मिनट बचे थे कि ज्योति ने दक्षिण अफ्रीकी गोलकीपर को मौका नहीं देते हुए गोल किया। अजीमा ने गोल कर स्कोर 6-2 किया। हूटर से एक मिनट पहले दक्षिण अफ्रीका के लिए चेम्बरलेन ने गोल दागा।