Trending

एच. राजप्पा, भीमप्पा और एसएस रंजीथ ने पहले दिन जीते स्वर्ण पदक

लखनऊ। केपीटीसीएल के एच. राजप्पा, भीमप्पा और एसएस रंजीथ ने उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर द्वारा आयोजित 45वीं अखिल भारतीय विद्युत परिषद पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के पहले दिन पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक हासिल करते हुए दबदबा कायम किया। पहले दिन तीन भार वर्गो का फैसला हुआ जिसमें मेजबान यूपी पावर सेक्टर के संदीप कुमार यादव ने 66 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम के वेटलिफ्टिंग हाल में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन आज मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने दीप प्रज्जवन करते हुए व फीता काटकर किया।

पहले दिन 59 किग्रा भार वर्ग में केपीटीसीएल के एच. राजप्पा ने 500 किग्रा टोटल वजन उठाकर स्वर्ण जीता। छत्तीसगढ़ के राजकुमार पाटकर ने 370 किग्रा टोटल वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। आसाम के सुमन दास को 155 किग्रा टोटल के साथ कांस्य पदक मिला।

66 किग्रा भार वर्ग में केपीटीसीएल के भीमप्पा ने 485 किग्रा टोटल वजन उठाते हुए स्वर्ण जीता। छत्तीसगढ़ के बलराम वस्त्रराकर ने 460 किग्रा टोटल वजन उठाकर रजत व यूपी पावर सेक्टर के संदीप कुमार यादव ने 395 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक जीता।

74 किग्रा भार वर्ग में केपीटीसीएल के रंजीथ एसएस ने 535 किग्रा वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ के तिजुराम नेतम ने 505 किग्रा टोटल वजन उठाकर रजत व तेलंगाना के सी.तिरुसेलम ने 425 किग्रा वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया।