दूसरे टेस्ट में नहीं खेल सकेंगे रविंद्र जडेजा व केएल राहुल
स्पिन ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और बल्लेबाज केएल राहुल भारत बनाम इंग्लैंड दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। जडेजा हैदराबाद में हुए पहले टेस्ट में चोटिल हो गए थे। उन्होंने रन दौड़ते समय अपनी हैमस्ट्रिंग को पकड़ा था। राहुल के क्वाड्रिसेप्स में तकलीफ है।
बीसीसीआई ने सोमवार को एक बयान में कहा, ”हैदराबाद में पहले टेस्ट के चौथे दिन जडेजा को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई, राहुल ने दाहिने क्वाड्रिसेप्स में दर्द की शिकायत की है। मेडिकल टीम दोनों पर नजर रख रही है।

जडेजा और राहुल के बाहर होने के बाद तीन प्लेयर्स की किस्मत चमकी है। बल्लेबाज सरफराज खान के अलावा ऑलराउंडर सौरभ कुमार और वॉशिंगटन सुंदर को भारतीय स्क्वॉड में जगह मिली है। मुंबई के सरफराज ने पिछले कुछ सालों में घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने 45 फर्स्ट क्लास मैचों में 69.85 के औसत से 3912 रन बनाए हैं।
सरफराज को पहली बार में टेस्ट टीम में जगह मिली है। उत्तर प्रदेश में जन्मे सौरभ ने 68 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 2061 रन बटोरे हैं और 290 विकेट झटके हैं। 30 वर्षीय सौरभ ने हाल ही में इंडिया ए के लिए खेलते हुए छाप छोड़ी।
सुंदर 4 टेस्ट खेल चुके हैं। उन्होंने अंतिम टेस्ट मार्च 2021 में खेला था। जडेजा की गैर मौजूदगी में सुंदर को प्लेइंग इलेवन में चांस मिल सकता है। बीसीसीआई ने बताया कि तेज गेंदबाज आवेश खान रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश टीम के साथ ट्रेवल करते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर ही टेस्ट स्क्वॉड से जुड़ेंगे।
पांच मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट 2 फरवरी से विशाखापट्टनम में होगा। इंग्लैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त है। भारत को हैदराबाद में 28 रन रन से हार मिली थी। विराट कोहली ने निजी कारणों से शुरुआती टेस्ट से अपन नाम वापस ले लिया था।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारत का स्क्वॉड: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), अवेश खान, रजत पाटीदार, सरफराज खान, वॉशिंगटन सुंदर, सौरभ कुमार