स्किन कैंसर की वजह से डब्ल्यूपीएल से लॉरेन चीटल बाहर
ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाज लॉरेन चीटल गर्दन से स्किन का कैंसर हटाए जाने की वजह से महिला प्रीमियर लीग और घरेलू सत्र नहीं खेल पाएंगी। बाएं हाथ की तेज गेंदबाज को मेडिकल प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। 2021 में उनके पैर का ऐसा ही ऑपरेशन हुआ था।
चीटल को दिसंबर डब्ल्यूपीएल नीलामी के दौरान गुजरात जायंट्स ने अपने साथ जोड़ा था, अब वह आगामी डब्ल्यूपीएल और न्यू साउथ वेल्स के साथ महिला राष्ट्रीय क्रिकेट लीग (डब्ल्यूएनसीएल) सीजन के शेष मैचों में नहीं खेल पाएंगी।

एक क्रिकेट साइट के हवाले से क्रिकेट एनएसडब्ल्यू ने एक बयान में कहा, “चीटल का लक्ष्य प्लेयर्स के निर्धारित ऑफ-सीजन ब्रेक के बाद एनएसडब्ल्यू के साथ प्रशिक्षण पर लौटने का है।
पिछले साल इंग्लैंड दौरे में ऑस्ट्रेलिया ए के लिए शानदार फॉर्म और सिडनी सिक्सर्स के लिए एक महिला बिग बैश लीग के दम पर उन्होंने मुंबई में स्टैंडअलोन मैच में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया।