पीकेएल 10 : प्लेऑफ के लिए जयपुर पिंक पैंथर्स क्वालीफाई
जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। जयपुर ने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए सत्र के 99वें मैच में तमिल थलाइवाज को 42-27 से हराया।
इस जीत के साथ ही जयपुर टीम ने पिछले 13 मैचों से अजेय क्रम जारी रखा है। जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए ‘रेड मशीन’ अर्जुन देशवाल ने सुपर-10 लगाते हुए 13 अंक लिए। उनके अलावा वी अजित कुमार ने नौ प्वॉइंट जुटाए।

तमिल थलाइवाज से नरेंदर कंडोला (12 अंक) ही चल पाए। जयपुर पिंक पैंथर्स की 17 मैचों में यह 12वीं जीत है और टीम ने 71 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। तमिल थलाइवाज को 17 मैचों में 10वीं हार मिली।
प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने उतरी जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए ‘रेड मशीन’ अर्जुन देशवाल ने चौथे मिनट में सुपर रेड के साथ अपना खाता खोला। नरेंदर कंडोला ने अगले ही मिनट में डुबकी के साथ सुपर रेड करके तीन प्वॉइंट अपने नाम कर लिए और तमिल थलाइवाज को 6-4 से आगे किया।
सातवें मिनट तक दोनों टीमें 6-6 की बराबरी पर थी। कि तभी अर्जुन ने नौवें मिनट में भी एक जबरदस्त और चालाकीभरे तीन प्वॉइंट की सुपर रेड के साथ जयपुर पिंक पैंथर्स को पहले 10 मिनट के खेल में 10-8 की लीड दिला दी।
तमिल थलाइवाज ने 12वें मिनट में मोहम्मदरेजा द्वारा किए गए सुपर टैकल से खुद को मुकाबले में बनाए रखा। भवानी राजपूत ने एक टच प्वॉइंट लेकर 15वें मिनट तक दो प्वॉइंट की बढ़त बना ली। थलाइवाज ने एक और सुपर टैकल करके 16वें मिनट तक स्कोर को 13-13 की बराबरी पर ला दिया।
तमिल थलाइवाज ने यहां से एक प्वॉइंट की लीड बना ली थी, अर्जुन ने थलाइवाज की लीड को खत्म करके स्कोर को बराबरी पर ला दिया। 20वें मिनट में नरेंदर ने दूसरी बार डुबकी लगाकर दो अंक की सुपर रेड लगा दी और हाफ टाइम तक थलाइवाज को 17-15 से आगे किया।
ब्रेक के बाद वापस आई तमिल थलाइवाज के लिए नरेंदर ने डू ऑर डाई में टीम के अंक दिला दिया। अगली डू ऑर डाई रेड में अर्जुन ने प्वॉइंट लेकर अपना 11वां सुपर-10 पूरा कर लिया।
24वें मिनट में जयपुर पिंक पैंथर्स ने मैच में पहली बार सुपर टैकल करके स्कोर को 19-19 की बराबरी पर ला दिया। अगले ही मिनट में मोहम्मदरेजा ने अर्जुन को टैकल करके सीजन का अपना पहला हाई-5 पूरा कर लिया। पिंक पैंथर्स ने लगातार प्वॉइंट लेते हुए थलाइवाज को ऑल आउट की कगार पर ला खड़ा कर दिया।
थलाइवाज टीम आखिरकार ऑल आउट हुई और जयपुर पिंक पैंथर्स ने 30वें मिनट तक स्कोर को 28-20 का कर दिया। मैच में अपनी पकड़ बना चुकी जयपुर ने यहां से थलाइवाज को बैकफुट पर धकेल दिया और 33वें मिनट तक 10 प्वॉइंट की लीड कायम कर ली।
थलाइवाज टीम 36वें मिनट में ऑल आउट हो गई और जयपुर ने स्कोर को 37-22 का कर दिया। पिंक पैंथर्स ने अंतिम मिनटों में सुपर टैकल के सहारे अपनी लीड को और ज्यादा मजबूत कर दिया और 42-27 के स्कोर के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया।