Trending

रणजी ट्रॉफी : 6 महीने बाद लौटे पृथ्वी शॉ, चोट के चलते क्रिकेट से रहे दूर

रणजी ट्रॉफी 2024 सीजन के लिए युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ मुंबई टीम में लौटने में सफल रहे हैं। शॉ के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी द्वारा फिट घोषित किया गया, जिसके बाद 2 फरवरी से कोलकाता में बंगाल के खिलाफ शुरू होने वाले मैच से पहले उन्हें मुंबई की रणजी टीम में शामिल किया गया।

पिछले साल अगस्त में घुटने में चोट लगने के बाद शॉ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे। शॉ उस समय चोटिल हुए जब वह इंग्लैंड के घरेलू टूर्नामेंट में नॉर्थहेम्पटनशायर की ओर से वनडे चैंपियनशिप में डरहम के खिलाफ खेल रहे थे।

साभार : गूगल

वह पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी के साथ-साथ मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी नहीं खेल पाए थे। शॉ बेंगलुरु में एनसीए में रिहैबिलिटेशन से गुजरे। 24 वर्षीय शॉ आईपीएल 2024 से पहले फॉर्म में लौटना चाहेंगे। क्योंकि वह 6 महीने से क्रिकेट के मैदान से दूर थे।

आईपीएल के आगामी सीजन में शॉ दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। पिछले साल वह उम्मीद के अनुसार, प्रदर्शन नहीं कर सके थे। मुंबई के बल्लेबाज ने 2018 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व किया।

रणजी ट्रॉफी में मुंबई टीम ग्रुप बी में अंक तालिका में पहले स्थान पर है। टीम के 20 अंक है। मुंबई टीम ने चार में से तीन मैच में जीत दर्ज की है। सरफराज खान टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे, उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। शॉ के आने से मुंबई के बल्लेबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।