रणजी ट्राफी: यूपी से आर्यन व करन का नाबाद शतक, विकेटों को तरसी असम टीम
ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुक्रवार को चार दिवसीय रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन यूपी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी औरपहले दिन का मैच खत्म होने तक टीम ने 80 ओवर में दो विकेट खोकर 319 रन बनाए।
यूपी और असम के बीच रणजी मैच का शुक्रवार को मौसम ने साथ दिया। सुबह साढ़े नौ बजे मैच शुरू हुआ। यूपी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी। दिन चढ़ने के साथ टीम के खिलाड़ी आर्यन जुयाल और करन शर्मा का प्रदर्शन जबरदस्त हो गया। दोनों प्लेयर्स ने चौके-छक्के मारते हुए शतक जड़ा।

आर्यन जुयाल ने 162 व करन शर्मा ने नाबाद 108 रन बनाए। यूपी का पहला विकेट समर्थ सिंह का 0 पर और दूसरा प्रिंस यादव का 46 रन पर गिरा। टीम ने मैच के शुरूआती सत्र में ही अपने दो विकेट गवां दिए, आर्यन व करन ने मोर्चा संभाला और मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
रणजी ट्राफी के पहले दिन का मैच खत्म होने तक यूपी का स्कोर 80 ओवर में दो विकेट खोकर 319 रन पर रहा। असम टीम के मुख्तार हुसैन व एम दत्ता ने एक-एक विकेट लिए।

अंपायर स्वरूपानंद कन्नौर, सोमनाथ झा, वहीं मैच रेफरी अर्जन कृपाल सिंह रहे। यूपी टीम में बड़े खिलाड़ी और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को जगह नहीं मिली। प्रियम गर्ग व कार्तिक त्यागी जैसे खिलाड़ी टीम में नहीं थे। असम टीम में रियान पराग को जगह नहीं मिली।