डेविस कप : भारत विश्व ग्रुप वन में भारत, पाक को 4-0 से दी मात
भारतीय डेविस कप टीम ने युकी भांबरी और साकेत माइनेनी की जीत तथा निकी पूनाचा के विजयी डेब्यू से पाकिस्तान को 4-0 से मात देकर 60 वर्ष बाद चिर प्रतिद्वंद्वी देश का ऐतिहासिक दौरा पूरा करते हुए विश्व ग्रुप एक में जगह पक्की की।
युकी और साकेत ने युगल मैच में जीत के साथ भारत को प्ले ऑफ में 3-0 की बढ़त दिलाई। शनिवार को 2-0 की बढ़त हासिल करने के बाद रविवार को युकी और साकेत ने मुजम्मिल मुर्तजा और अकील खान की मेजबान टीम की जोड़ी को 6-2 7-6(5) से हराकर मैच में पाकिस्तान पर भारत के दबदबे को बरकरार रखा।

पाकिस्तान ने युगल मैच के लिए अकील को बरकत उल्लाह की जगह उतारा क्योंकि वह करो या मरो के इस मैच में अनुभवी खिलाड़ी चाहते थे। इस मैच में हार भारत की जीत तय करती।
युकी और साकेत ने मेजबान जोड़ी को मौका नहीं दिया और इस मैच में दोनों टीम के बीच का अंतर साफ दिखा। पाकिस्तान की जोड़ी को साकेत की सर्विस का सामना करने में परेशानी हुई। उन्होंने अपनी सर्विस पर कम अंक गंवाए और नेट पर शानदार प्रदर्शन किया।
भारतीय प्लेयर्स के रिटर्न लाजवाब रहे और युकी ने कई बार पाकिस्तान के दोनों प्लेयर्स के बीच से विनर लगाए। 28 वर्षीय पूनाचा को मोहम्मद शोएब के खिलाफ बेमानी चौथा मैच खेलने के लिए उतारा गया जिन्होंने इसमें 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। पांचवां मैच नहीं खेला गया।
शोएब अपनी सर्विस से जूझते नजर आए, उनका बैकहैंड कमाल का था। शोएब के मजबूत पक्ष को महसूस करते हुए पूनाचा ने उन्हें बैकहैंड के लिए ज्यादा गेंद नहीं दीं और जीत दर्ज की।
शोएब अपनी गलतियों पर लगाम नहीं रख सके जिससे भारतीय खिलाड़ी को अंक मुफ्त में मिले। टेनिस के विश्व कप के रूप में पहचानी जाने वाली इस टूर्नामेंट में भारत की आठ मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ यह आठवीं जीत है।
भारतीय टीम सितंबर में विश्व ग्रुप एक में भाग लेगी, पाकिस्तान ग्रुप दो में रहेगा। पाकिस्तान टेनिस महासंघ (पीटीएफ) ने प्लेयर्स के चारों ओर एक सुरक्षा जाल बनाने में अच्छा काम किया।
कई एजेंसियों ने मिलकर यह पक्का किया कि यह ऐतिहासिक मैच बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो। युकी और साकेत ने शुरू से ही मैच पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। उन्होंने पहले और पांचवें गेम में अकील की सर्विस तोड़कर 4-1 की मजबूत बढ़त बना ली।
पहले गेम में अकील ने बैकहैंड बाहर मारकर भारतीय जोड़ी को दो ब्रेकप्वाइंट दिए। साकेत ने पहले अंक पर शॉट बाहर मारा, अकील के कमजोर रिटर्न पर आसानी से वॉली विनर लगाकर सर्विस तोड़ दी। पांचवें गेम में पाकिस्तानी दिग्गज ने फिर से सर्विस गंवाई।
उनका स्मैश 30-30 के स्कोर पर बेसलाइन के ऊपर से बाहर चला गया और युकी ने दोनों विरोधी प्लेयर्स के बीच जबरदस्त फोरहैंड विनर मारकर गेम जीता। सातवें गेम में मुर्तजा ने भारतीय जोड़ी को तीन सेट प्वाइंट दिए, मेजबान टीम के प्लेयर्स ने तीनों अंक बचा लिए।
युकी ने अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए पहला सेट भारत के नाम किया। दूसरे सेट में अकील ने अपनी सर्विस बचानी शुरू की और मैच टाईब्रेकर में पहुंचाया। पाकिस्तान की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए 4-2 की बढ़त बनाई, युकी और साकेत ने स्कोर 5-5 कर दिया। मैच प्वाइंट पर अकील के डबल फॉल्ट के साथ भारत ने मैच और मैच जीता।