बोली पीटी उषा, आईओए के सीईओ की नियुक्ति पर पीछे नहीं हटेंगी
भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पीटी उषा ने कहा कि उन्हें नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर पूरा भरोसा है और उन्हें शीर्ष पद पर नियुक्त करने के फैसले से पीछे नहीं हटेंगी।
आईओए ने एक साल बाद और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के बार-बार याद दिलाने के बाद छह जनवरी को आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के पूर्व अधिकारी अय्यर को सीईओ बनाया था।

उनकी नियुक्ति के कुछ हफ्तों के अंदर आईओए कार्यकारी परिषद के कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि उषा ने सीईओ के रूप में अय्यर की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए उन पर ‘दबाव डाला’ था। उषा ने इस आरोप को ‘शर्मनाक’ बताया।
कार्यकारी परिषद के 15 में से 12 सदस्यों ने तब कहा था कि अय्यर की नियुक्ति को शीर्ष संस्था ने मंजूरी नहीं मिली थी। यह पूछे जाने पर कि क्या आईओए अध्यक्ष बनने के बाद से वह समस्याओं से घिरी लगती हैं, उषा ने कहा, ‘‘हर बार। इसे हल करना पड़ता है।
जब आप गलत काम करते हैं, तो आपको डरना पड़ता है। जब आप सही और उचित काम कर रहे होते हैं तो इस पर चिंता क्यों। दिल्ली खेल पत्रकार संघ और भारतीय खेल पत्रकार महासंघ द्वारा आयोजित समारोह में उषा से सीईओ पर टिप्पणी करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘सीईओ काम कर रहे हैं।
मैं पहले ही उचित तरीके से नियुक्ति कर चुकी हूं और वह काम कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कार्यकारी परिषद के कई सदस्यों के कथित तौर पर उन्हें हटाने की इच्छा के बावजूद क्या वह अपना सामान्य कामकाज कर सकेंगे, उषा ने कहा, ‘‘शत प्रतिशत (वह बने रहेंगे)। क्यों नहीं? वह एक अच्छे सीईओ हैं।
खेल पत्रकारों द्वारा पदक, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न से सम्मानित होने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘हम हमेशा चाहते थे कि आईओए में एक बड़ा (सीईओ पद पर एक प्रसिद्ध व्यक्ति) अधिकारी हो… और इससे बड़े पैमाने पर खेलों में मदद मिल सकती है। मैं इसी तरह से सोच रही हूं।
उन्होंने कहा,‘‘मुझे (सीईओ) पर भरोसा है और वह जो कुछ भी कर रहे हैं, उस पर मुझे भरोसा है। जाने माने पिस्टल निशानेबाज जसपाल राणा और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला उपस्थित थे जो अतिथि थे। उन्होंने उषा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ के लिए पदक और प्रशस्ति पत्र दिया।
टेनिस के विजय अमृतराज, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण, महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर और पूर्व धावक मिल्खा सिंह के बाद उषा एसजेएफआई और डीएसजेए ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार पाने वाली पांचवीं खिलाड़ी हैं।
उषा ने भारत के लिए 103 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते। उन्होंने एशियाई खेल में चार स्वर्ण पदक और सात रजत पदक जीते और तीन बार ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा की।