Trending

राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप : विनेश की स्वर्णिम सफलता

एशियाई खेल की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट ने रविवार को आईओए की तदर्थ समिति द्वारा आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में 55 किग्रा वजन का स्वर्ण पदक जीता।

विनेश ने मध्य प्रदेश की ज्योति को 4-0 से हराया, यह शीर्ष पहलवान ऊंचे वजन वर्ग में हिस्सा ले रही थी। रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) का प्रतिनिधित्व कर रही विनेश ने 2018 जकार्ता एशियाई खेल में 50 किग्रा का स्वर्ण पदक जीता था, 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल में 53 किग्रा वजन वर्ग में खिताब जीता था।

एक अन्य मैच में 2021 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हरियाणा की अंशु मलिक ने 2020 एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता सरिता मोर (रेलवे) को 59 किग्रा वजन वर्ग में 8-3 से हराया। 189 अंक से हरियाणा शीर्ष स्थान पर रहा। आरएसपीबी 187 अंक से दूसरे स्थान पर, पुडुचेरी 81 अंक से तीसरे स्थान पर था।

पुरुषों के ग्रीको रोमन वर्ग में आरएसपीबी 208 अंक से समग्र विजेता रहा जिसके बाद सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (127 अंक) दूसरे और महाराष्ट्र (113 अंक) तीसरे स्थान पर रहा। सोमवार को पुरुष वर्ग की फ्रीस्टाइल स्पर्धा होंगी।