रणजी ट्राफी : बारिश बनी विलेन, यूपी-असम को एक-एक अंक
ग्रीनपार्क में यूपी और असम के बीच जारी चार दिवसीय रणजी मैच के अंतिम दिन खराब मौसम व मैदान गीला होने के कारण मैच नहीं हो सका। अंपायरों और रेफरी ने मैदान का जायजा लेने के बाद मैच ड्रा करने का फैसला लिया। इस कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।
यूपी के आर्यन जुयाल मैन ऑफ द मैच रहे। रविवार शाम से शुरू हुई बारिश दूसरे दिन सोमवार को रुक-रुककर होती रही। रविवार को ही दो बार बारिश की वजह से मैदान गीला हो चुका था।

पिच पर पड़े कवर के कारण पिच बिल्कुल ठीक थी, आउट फील्ड गीली थी। इस कारण मैच नहीं हो सका। सोमवार सुबह आठ बजे असम व यूपी की टीम होटल से ग्राउंड आ गई। एंपायरों ने पहले पिच का जायजा लिया।
ग्रीनपार्क के पिच क्यूरेटर भूपेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ मिलकर पहले सुपर सोपर से कवर का पानी सुखाया है। इसके बाद कवर हटाया गया। यहां पर एंपायरों ने मैदान में आकर पिच की स्थिति को देखा।

इसके बाद आउट फील्ड पर भी गए। काफी मशक्कत के बाद मैदान को पूरी तरह सुखाया नहीं जा सका। बता दें कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक असम का स्कोर 113 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 316 रन पर रहा।
असम को 232 रन और बनाने थे। क्योंकि यूपी ने पहली पारी 548 रनों पर घोषित की थी। यदि सोमवार को पहली पारी पूरी हो जाती और असम 548 का स्कोर पार कर ले जाती तो असम को तीन अंक मिलते, मैच न हो सका। दोनों ही टीमों के बीच एक-एक अंक बांटे गए।