Trending

वेस्टइंडीज की हार, ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से सीरीज अपने नाम की

ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को तीसरे वनडे में 8 विकेट से हराया। केनबेरा में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज 86 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया से जेवियर बार्टलेट ने 4 विकेट लिए। 87 रन का टारगेट होम टीम ने 6.5 ओवर में ही 2 विकेट पर हासिल कर लिया। जैक फ्रेजर मैगर्क ने 41 और जोश इंग्लिस ने 35 रन बनाए।

केनबेरा के मनुका ओवल मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने आई वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। टीम ने 13 रन पर ही पहला विकेट गंवा दिया।

Credits : Espncricinfo

योर्न ओटली 8 ही रन बनाकर जेवियर बार्टले का शिकार हुए। एलिक एथनाज ने कीसी कार्टी के साथ टीम को संभाला। पहले पावरप्ले में एक ही विकेट गिराने के बाद वेस्टइंडीज की पारी बिखर गई।

11वें ओवर में कार्टी 10 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान शाई होप 4, एलिक एथनाज 32, रोस्टन चेज 12, रोमारियो शेफर्ड 1 और अल्जारी जोसेफ 6 रन बनाकर आउट हो गए। टेडी बिशप, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी और ओशन थोमस खाता नहीं खोल सके। टीम 24.1 ओवर में 86 रन ही बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया से जेवियर बार्टलेट को 4 विकेट मिले। लांस मौरिस और एडम जम्पा ने 2-2 विकेट निकाले, एक सफलता शॉन एबट को मिली। एक बैटर रन आउट भी हुआ।

87 रन का टारगेट ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। ओपनर्स जैक फ्रेजर-मैगर्क और जोश इंग्लिस ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने शुरुआती 4 ओवर में ही 59 रन जोड़ लिए। फ्रेजर-मैगर्क 18 बॉल में 41 रन बनाकर आउट हुए।

नंबर-3 पर उतरे आरोन हार्डी 2 ही रन बनाकर ओशेन थोमस का शिकार हुए। उनके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने इंग्लिस के साथ टीम को जीत दिलाई। इंग्लिस 35 और स्मिथ 6 रन पर नॉटआउट रहे। कंगारू टीम ने 6.5 ओवर में 87 रन बना लिए। वेस्टइंडीज से अल्जारी जोसेफ और ओशेन थोमस ने एक-एक विकेट लिया।

तीसरे मैच में वनडे डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज लांस मौरिस इंजर्ड हो गए। वह 2 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल चुके थे। अपने 5वें ओवर में 3 गेंदें फेंकने के बाद उन्हें मांसपेसियों में खिंचाव महसूस हुआ। वह तुरंत ग्राउंड के बाहर हो गए और गेंदबाजी करने नहीं आ सके।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि मौरिस की इंजरी गंभीर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह न्यूजीलैंड के खिलाफ महीने के आखिर में होने वाली टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं।

तीसरे वनडे में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने पहला वनडे 8 विकेट और दूसरा वनडे 83 रन के अंतर से जीता था। दोनों टीमों के बीच 3 टी-20 की सीरीज 9 फरवरी से शुरू होगी। पहला टी-20 होबार्ट में खेला जाएगा। 11 फरवरी को दूसरा टी-20 एडिलेड और 13 फरवरी को तीसरा टी-20 पर्थ में होगा।