जॉर्डन ने दक्षिण कोरिया को हराया, एशियाई कप के फाइनल में बनाई जगह
जॉर्डन ने यहां यज़ान अल नैमत और मौसा अल तमारी के गोल से दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर एएफसी एशियाई कप के फाइनल में एंट्री ली।
ग्रुप चरण में दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर खेली थीं। सात संस्करणों में यह दक्षिण कोरिया का पांचवां एएफसी एशियाई कप सेमीफाइनल था। दक्षिण कोरिया से 64 स्थान नीचे रैंकिंग वाला जॉर्डन पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा था।

मैच की शुरुआत में जॉर्डन ने आक्रामक शुरुआत की, शूटिंग के कई मौके गंवाए। दक्षिण कोरिया धीरे-धीरे मैच में आगे बढ़ता गया, 19वें मिनट में स्टार स्ट्राइकर सोन ह्युंग-मिन के प्रयास को ऑफसाइड करार दिया गया।
मैच के 53वें मिनट में अल तामरी के सही समय पर मिले पास को अल नैमत ने गोल पोस्ट में डालकर जॉर्डन को 1-0 की बढ़त दिला दी। जॉर्डन ने 13 मिनट बाद हमला किया और इस बार अल तमारी ने गोल कर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।
दक्षिण कोरिया के मुख्य कोच जुर्गन क्लिंसमैन ने एक समाचार एजेंसी के हवाले से कहा, मैं बहुत निराश हूं। मैं गुस्से में हूं क्योंकि हमें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था।
क्लिंसमैन ने कहा, यह एक ऐसी टीम है जो बढ़ रही है और अगले विश्व कप के लिए इसे विकसित होने की जरूरत है। हमारे आगे बहुत काम है। इसके अलावा, मैं कुछ भी नहीं सोच रहा हूं। फाइनल में जॉर्डन का मुकाबला ईरान या मौजूदा चैंपियन कतर से होगा।