आईसीसी रैंकिंग : नंबर वन टेस्ट गेंदबाज बने जसप्रीत बुमराह
भारत बनाम इंग्लैंड पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट के बाद आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी, टेस्ट बल्लेबाजी और टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। विशाखापट्टनम टेस्ट में इंग्लैंड की बैंड बजाने वाले जसप्रीत बुमराह नंबर-1 टेस्ट बॉलर बन गए हैं।
भारत से पहली बार कोई तेज गेंदबाज नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बना है। जसप्रीत बुमराह ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जो तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 की गद्दी अपने नाम कर चुके हैं, उनसे पहले यह कोई और नहीं कर पाया है।

भारत से इससे पहले आर अश्विन, रविंद्र जडेजा और बिशन सिंह बेदी टेस्ट में नंबर-1 गेंदबाज बने हैं, तीनों स्पिनर हैं। बुमराह ने विशाखापट्टनम टेस्ट में 9 विकेट झटके थे, जिसमें पहली पारी में तो उन्होंने छह विकेट लिए थे।
बुमराह को इस दमदार गेंदबाजी का फायदा रैंकिंग में मिला। 881 रेटिंग अंक के साथ बुमराह नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं, दक्षिण अफ्रीका के कगीसो रबाडा 851 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे नंबर पर आर अश्विन हैं, जिनके खाते में 841 रेटिंग अंक हैं।
विशाखापट्टनम टेस्ट में आर अश्विन को औसत प्रदर्शन का नुकसान उठाना पड़ा और वह दो स्थान नीचे लुढ़क गए, बुमराह को तीन स्थान का फायदा मिला। चौथे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस हैं, पांचवें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ही जोश हेजलवुड विराजमान हैं।
श्रीलंकाई गेंदबाज प्रभात जयसूर्या को अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में बढ़िया गेंदबाजी का फायदा मिला और वह तीन स्थान की छलांग के साथ छठे पायदान पर आ गए हैं। सातवें, आठवें, नौवें और 10वें नंबर पर क्रम से जेम्स एंडरसन, नाथन लियोन, रविंद्र जडेजा और ओली रॉबिन्सन हैं।
दूसरे टेस्ट में रविंद्र जडेजा चोट की वजह से नहीं खेले और इसी वजह से उनको रैंकिंग में दो स्थान का नुकसान उठाना पड़ा। आईसीसी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग की बात करें तो केन विलियमसन नंबर-1 की गद्दी पर हैं। एक स्थान के फायदे के साथ स्टीव स्मिथ दूसरे स्थान पर हैं। जो रूट तीसरे नंबर पर आ गए हैं। विराट कोहली को रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा और वह सातवें नंबर आ गए हैं।
चौथे, पांचवें और छठे नंबर पर क्रम से डेरेल मिचेल, बाबर आजम और उस्मान ख्वाजा हैं। रोहित शर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ और वह 13वें नंबर पर आ गए हैं।
आईसीसी पुरुष टेस्ट ऑलराउंडर्स रैंकिंग में रविंद्र जडेजा टॉप पर हैं। बेन स्टोक्स को एक स्थान का फायदा मिला और वह चौथे पायदान पर आ गए हैं। आर अश्विन दूसरे, शाकिब अल हसन तीसरे स्थान पर हैं। जो रूट दो पायदान लुढके और छठे नंबर पर आ गए हैं।