Trending

लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े शमर जोसेफ, आईपीएल में दिखाएंगे दमखम  

वेस्टइंडीज के युवा तेज गेंदबाज शमर जोसेफ को इंटरनेशनल डेब्यू के एक महीने के अंदर ही पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट मिल गया है। वह आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलेंगे।

एलएसजी ने जोसेफ को इंग्लैंड के पेसर मार्क वुड के रिप्लेसमेंट के रूप में अपने साथ जोड़ा है। आईपीएल ने बयान में कहा कि जोसेफ 3 करोड़ रुपये में एलएसजी स्क्वॉड का हिस्सा बने हैं।

@LucknowIPL

बताया जा रहा है कि वुड वर्कलोड मैनेज करने के चलते आईपीएल के 17वें सीजन में नजर नहीं आएंगे। जून में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होना है, इंग्लैंड गर्मियों में वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट की मेजबानी करेगा।

एलएसजी ने आईपीएल 2022 से पहले नीलामी में वुड को 7.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। वुड कोहनी की चोट के कारण उस सीजन में नहीं खेले थे। उन्होंने आईपीएल 2023 में चार मैच खेले और 11 विकेट झटके।

बता दें कि जोसेफ ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में कातिलाना प्रदर्शन किया था। उन्होंने डेब्यू सीरीज में 13 विकेट चटकाए। जोसेफ ने पहले मैच में पंजा खोला, दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में सात विकेट निकालकर वेस्टइंडीज को जीत दिलाई।

वेस्टइंडीज ने ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में 216 रन का टारगेट रखा और कंगारू टीम को  207 रन पर ढेर हो गई। वेस्टइंडीज ने 8 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।

जोसेफ की दमदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 1997 के बाद पहली बार टेस्ट मैच अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज सीरीज 1-1 से बराबर रही।

मौजूदा ILT20 सीजन के लिए दुबई कैपिटल्स ने जोसेफ के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया था, गाबा टेस्ट में यॉर्कर गेंद पर चोटिल होने की वजह से उन्हें बाहर होना पड़ा।

जोसेफ पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जल्मी के साथ जुड़े हैं। पेशावर ने जोसेफ को इंग्लैंड के पेसर गस एट्किंसन की जगह शामिल किया। जोसेफ ने अपने प्रोफेशनल करियर में सिर्फ दो टी20 मैच खेले हैं, जिसमें कोई विकेट नहीं लिया।