Trending

एसए20 : सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने दूसरी बार जीता खिताब

दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग एसए20 के दूसरे सीजन का खिताब सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने जीता। इससे पहले पिछले साल हुए लीग के पहले सीजन में सनराइजर्स टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया था।

एडन मार्करम की कप्तानी वाली सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम ने इस सीजन के फाइनल में डरबन सुपर जायंट्स की टीम को 89 रनों से हराया। सनराइजर्स की इस जीत में कप्तान एडन मार्करम के साथ ट्रिस्टन स्टब्स, टॉम एबेल और मार्को यान्सिन ने अहम भूमिका निभाई।

@sunrisersec

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के अनुभवी ओपनिंग बल्लेबाज डेविड मलान 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

जॉर्डन हरमन (42 रन) और टॉम एबेल (55 रन) की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी निभाकर सनराइजर्स के स्कोर को सौ रनों के पार पहुंचाया।

इन दोनों बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान एडन मार्करम (नाबाद 42 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 56 रन) की जोड़ी ने अंतिम ओवरों में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 98 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई।

सभी बल्लेबाजों की धमाकेदार पारियों से सनराइजर्स टीम ने 20 ओवरों में 204 रनों का बड़ा टोटल खड़ा किया। सुपर जायंट्स की ओर से कप्तान केशव महाराज ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डबरन सुपर जायंट्स की शुरुआत निराशाजनक रही। टीम ने पारी के चौथे ओवर में ही सात रन पर अपने तीन प्रमुख बल्लेबाजों को गवां दिया। मैथ्यू ब्रीत्जके (18 रन) और वियान मूल्डर (38 रन) की अर्धशतकीय साझेदारी ने सुपर जायंट्स को मुकाबले में बनाए रखा।

अच्छी साझेदारी के बाद एक बार फिर से सुपर जायंट्स ने एक के बाद एक तीन बल्लेबाजों का विकेट गवां दिया। इस दौरान खतरनाक हेनरिक क्लासेन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

टॉप ऑर्डर और मीडिल ऑर्डर के आउट होने के बाद लोअर ऑर्डर में ड्वेन प्रीटोरियस (28 रन) ने एक छोटी सी पारी खेली। उनकी यह पारी सुपर जायंट्स को जीत के करीब भी नहीं ले जा सकी। अंत में सुपर जायंट्स की पूरी टीम महज 115 रनों पर ढेर हो गई। सनराइजर्स की ओर से मार्को यान्सिन ने सर्वाधिक पांच विकेट हासिल किए।