Trending

लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल व साई लखनऊ की जीत से शुरुआत

लखनऊ। लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल व साई लखनऊ ने प्रथम पंडित राम औतार मिश्रा मेमोरियल राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में जीत से अपना अभियान शुरू किया।

प्रथम पंडित राम औतार मिश्रा मेमोरियल राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता

गोमतीनगर विजयंखंड स्थित पद्मश्री मो.शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम पर खेले गए मुकाबलों में पहले मैच में लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल ने रामपुर स्पोर्ट्स हास्टल के खिलाफ एकतरफा 6-0 से जीत दर्ज की।

लखनऊ हास्टल की जीत में शाहरुख अली व हर्ष सिंह ने उम्दा स्टिकवर्क दिखाया और दो-दो गोल दागे। शाहरुख ने खेल के छठें व 16वें मिनट में जबकि हर्ष सिंह ने 29वें व 55वें मिनट में विरोधी टीम के डिफेंस में सेंध लगाई। नितिश भारद्वाज ने नौवें व आकाश यादव ने 48वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदला।

दूसरे मैच में साई लखनऊ ने लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 5-3 गोल से हराया। स्पोर्ट्स कॉलेज से धीरज पाल ने पहले मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर गोल दागा। इसके बाद साई लखनऊ ने मैच पर पकड़ बनाने के लिए ताकत झोंक दी।

साई लखनऊ से उत्तम सिंह ने आठवें, मिथिलेश राजभर ने 47वें, सुमित कुमार ने 57वें मिनट में मैदानी गोल किए। जय प्रकाश ने 15वें व अक्षय दुबे ने 60वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल किए। स्पोर्ट्स कॉलेज से आकाश पाल ही दो गोल कर सके।

एक अन्य मैच में झांसी स्पोर्ट्स हास्टल ने एसएसबी लखनऊ को 2-1 से हराया। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने किया।