भारतीय निशानेबाजों ने जूनियर मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता स्वर्ण व रजत
स्पेन के ग्रेनाडा में जारी अंतराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के निशानेबाजी विश्व कप की 10 मीटर एयर राइफल जूनियर मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत ने स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम कर लिया।
ईशा अनिल टकसाले और उमामहेश मादिनेनी ने व्यक्तिगत महिला और पुरुष स्पर्धाओं में स्वर्ण जीतने के बाद मंगलवार को यहां मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में अनवी राठौड़ और अभिनव साव की हमवतन जोड़ी को 16-8 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

भारत के इस टूर्नामेंट में तीन स्वर्ण पदक सहित सात पदक हो गए हैं। अनवी और अभिनव ने 629.0 अंक के संयुक्त स्कोर के साथ स्वर्ण पदक के मैच में जगह बनाई थी। ईशा और उमामहेश 627.4 अंक के साथ उनसे पीछे थे।
दृष्टि सांगवान और पारस खोला एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के पदक मैच में जगह बनाने में नाकाम रहे। यह जोड़ी क्वालीफिकेशन में छठे स्थान पर रही।
जॉर्जिया की जोड़ियों ने इस स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक जीता। विश्व कप में भारत का 34 सदस्यीय दल भाग ले रहा है। इस टूर्नामेंट में सिर्फ जूनियर और सीनियर 10 मीटर एयर गन स्पर्धाएं हो रही हैं।