Trending

एशिया टीम चैंपियनशिप : पीवी सिंधु की जीत, महिला टीम अंतिम आठ में, चीन की हार

स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने चोट के चार महीने बाद वापसी करते हुए जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही भारत ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के महिला कम्पटीशन में चीन को 3-2 से हराया.

ग्रुप W में दो टीम होने के कारण पहले मैच से पूर्व ही भारत की नॉकआउट में जीत पक्की थी, टीम ने टॉप वरीय चीन को हराकर शान से नॉकआउट में एंट्री ली. पिछले साल फ्रेंच ओपन में घुटने में लगी चोट की वजह से पीवी सिंधु बैडमिंटन कोर्ट से दूर थीं.

उन्होंने वापसी करते हुए चीन की हेन युई को 40 मिनट में 21-17 21-15 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. सिंधू की वर्ल्ड रैंकिंग 11 है, हेन युई दुनिया की आठवीं नंबर की खिलाड़ी हैं.

तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को ल्यु शेंग शु और टेन निंग की जोड़ी के खिलाफ 19-21 16-21 से हार मिली, अस्मिता चालिहा दुनिया की नौवें नंबर की खिलाड़ी वैंग झी यी के खिलाफ 13-21 15-21 से हारी जिससे तीन मैच के बाद भारत 1-2 से पिछड़ गया.

त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने ली यी जिंग और लुओ शू मिन की जोड़ी को एक घंटे और नौ मिनट में 10-21 21-18 21-17 से हराकर भारत को बराबरी दिलाई.

निर्णायक मैच में दुनिया की 472वें नंबर की अनमोल खरब ने 149वें नंबर की वू लियो यू को एक घंटे और 17 मिनट में 22-20 14-21 21-18 से हराकर भारत की जीत पक्की की. भारतीय पुरुष टीम बुधवार को ग्रुप ए लीग मैच में हांगकांग से भिड़ेगी.