आईसीसी रैंकिंग: शाकिब का दबदबा खत्म, मोहम्मद नबी बने शीर्ष हरफनमौला खिलाड़ी
अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी ने आईसीसी की नवीनतम एकदिवसीय रैंकिंग में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को खत्म कर शीर्ष हरफनमौला खिलाड़ी बन गये।
टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष स्थान पर खास बदलाव नहीं हुआ है। गेंदबाजों की सूची में जसप्रीत बुमराह और चोट की वजह से इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर रहने के बाद तीसरे टेस्ट में टीम में वापसी करने को तैयार रविंद्र जडेजा शीर्ष हरफनमौला बने हैं।

श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज के पहले मैच में 136 रन की पारी खेलने के बाद नबी रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर पहुंचे। उन्होंने इस मैच में एक विकेट चटकाया जिससे एकदिवसीय गेंदबाजों की रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ सातवें पायदान पर आ गये।
नबी हरफनमौला प्लेयर्स की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले उम्रदराज हरफनमौला बन गये। उनसे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान के नाम था, जो जून 2015 में 38 साल और आठ महीने की उम्र में शीर्ष रैंकिंग पर पहुंचे थे।
शाकिब सात मई 2019 से नौ फरवरी 2024 तक रिकॉर्ड 1739 दिनों के लिए वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर रहे। शाकिब पिछले कुछ समय से चोट के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर है और इस बीच नबी दमदार खेल से शीर्ष पायदान पर आने में सफल रहे।
एकदिवसीय गेंदबाजों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज शीर्ष स्थान पर है, श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (14 स्थान के सुधार के साथ 26वें पायदान पर) और दिलशान मदुशंका (चार स्थान के सुधार के साथ 33वें पायदान) अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में दमदार खेल से अपनी रैंकिंग में सुधार करने में सफल रहे।