रणजी ट्रॉफी : यूपी को दूसरी जीत की तलाश, छत्तीसगढ़ से टक्कर कल से
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार से रणजी ट्रॉफी के ग्रुप बी के मैच में मेजबान यूपी की टक्कर छत्तीसगढ़ से होगी। दोनों ही टीमों ने लखनऊ के कान्हा स्टेडियम में गुरुवार को अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया है।
मेजबान उत्तर प्रदेश के लिए मौजूदा सीजन एक बार फिर उम्मीद के अनुसार नहीं रहा। इस पूरे सीजन में उत्तर प्रदेश ने एक मैच जीता है और बाकी मैच में उसे ड्रॉ से संतोष करना पड़ा है।

अंक तालिका में उत्तर प्रदेश टीम पांचवें नंबर पर है। अभी तक हुए मैच में उसे मुंबई के खिलाफ जीत हासिल हुई, पांच मैच में उसे सिर्फ ड्रॉ से संतुष्ट करना पड़ा है और उसके 13 अंक है। ऐसे में उत्तर प्रदेश टीम रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन से लगभग बाहर हो चुकी है।
छत्तीसगढ़ के खिलाफ उसके पास होने के लिए कुछ नहीं है। दोनों टीमों की बात की जाए तो मेजबान टीम उत्तर प्रदेश अपने घरेलू मैदान लखनऊ की कान्हा स्टेडियम पर मजबूत नजर आ रही है।

यूपी टीम ने 2 दिन पहले ही यहां पहुंचकर नेट्स पर कड़ा अभ्यास किया है। उत्तर प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी रिंकू सिंह पर सबकी नज़रें होगी, नीतीश राणा, प्रियम गर्ग और अक्षदीपनाथ के साथ साथ आर्यन जुयाल अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
उधर देर शाम उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ होने वाले मैच के लिए यूपी टीम की घोषणा कर दी है। भुवनेश्वर कुमार को आराम देने का फैसला किया गया है, टीम की कमान नितीश राणा के हाथ में होगी।
यूपी टीम : नीतीश राणा (कप्तान),आर्यन जुयाल,.करण शर्मा,रिंकू सिंह.प्रियम गर्ग,अक्षदीप नाथ,सौरभ कुमार.यश दयाल,प्रिंस यादव,अभिषेक गोस्वामी,शिवम शर्मा,आकिब,शिव सिंह,अटल बिहारी,शोएब,बॉबी यादव अलमास सौकत