Trending

एफआईएच प्रो लीग : भारतीय पुरुष टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की जीत

कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल भारतीय पुरुष हॉकी टीम के काम नहीं आ सके जिसने यहां एफआईएच प्रो लीग मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम क्वार्टर में तीन गोल गंवा दिये और उसे 4-6 से हार मिली।

भारत से हरमनप्रीत सिंह ने 12वें और 20वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागे, सुखजीत सिंह ने 18वें और मंदीप सिंह ने 29वें मिनट में गोल से 4-2 से बढ़त बनाई थी। अंतिम क्वार्टर में मैच का रूख ही बदल गया।

@hockeyindia

आस्ट्रेलिया के लिए ब्लेक गोवर्स ने दूसरे मिनट दो गोल दागे। अरान जालेवस्की ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से, लाचलान शार्प ने 52वें मिनट में, जैकब एंडरसन ने 55वें और जैक वेल्च ने 58वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को जीत दिलायी।

आस्ट्रेलिया ने दूसरे ही मिनट में दो गोल करके भारत को हैरान कर दिया जिसमें गोवर्स ने पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को पछाड़ते हुए गोल किया और उन्होंने कुछ सेकेंड में गोल से अपनी टीम को 2-0 से आगे किया।

पहले 10 मिनट में आस्ट्रेलिया ने एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, भारतीयों ने अच्छा बचाव किया। 12वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत ने इसे गोल में बदलने में गलती नहीं की। इस गोल से भारतीय प्लेयर्स का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने दबदबा बनाना शुरू किया।

जल्द ही उन्हें दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला और सुखजीत ने 18वें मिनट में इस पर गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। दो मिनट बाद हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को आगे किया और और हाफ टाइम से एक मिनट पहले मंदीप ने डी के ऊपर से ‘बुलट शॉट’ से गोल दागा जिससे टीम 4-2 से आगे हो गयी।

दो गोल से पिछड़ने के बाद आस्ट्रेलिया ने भरसक प्रयास किया और दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये जिसमें से एक को जालेवस्की ने गोल में बदला। चौथा और अंतिम क्वार्टर पूरी तरह से आस्ट्रेलिया के नाम रहा जिसमें उसने तीन गोल दागकर जीत दर्ज की। भारत शुक्रवार को आयरलैंड से खेलेगा।