Trending

बल्लेबाजों के पिच के बीच में दौड़ने के लिए भारत पर पांच रन का जुर्माना

भारत पर यहां इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान उसके बल्लेबाजों के पिच के बीच में दौड़ने के दूसरे अपराध के लिए पांच रन का जुर्माना लगाया गया। ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन के पिच के बीच में दौड़ने की वजह से भारत पर जुर्माना लगा। मैदानी अंपायर जोएल विल्सन ने अश्विन को फटकार लगाई।

दूसरे दिन के खेल में भारतीय पारी के 102वें ओवर की तीसरी गेंद के बाद विल्सन को पिच के बीच में दौड़ने के लिए अश्विन के साथ बातचीत करते देखा गया। रविंद्र जडेजा ने पहले दिन के खेल के दौरान ऐसा किया था।

साभार : गूगल

अश्विन ने रेहान अहमद की गेंद को खेला और बिना यह समझे कि वह कहां दौड़ रहे हैं तुरंत एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। डेब्यू कर रहे ध्रुव जुरेल ने उन्हें वापस भेजा। अश्विन से पूर्व अंपायरों ने निरंजन शाह स्टेडियम में टेस्ट के पहले दिन जडेजा को पिच के बीच में दौड़ने के लिए चेतावनी दी थी।

एमसीसी के अनुचित खेल के अंतर्गत आने वाले नियम 41.14.1 के अनुसार ‘पिच को जानबूझकर या जिससे बचा जा सकता है वह क्षति पहुंचाना अनुचित है। स्ट्राइकर गेंद को खेलते हुए सुरक्षित क्षेत्र में प्रवेश करता है तो उसे इसके तुरंत बाद वहां से हटना होगा।

नियम के अनुसार ‘यदि कोई अंपायर मानता है कि पिच पर उसकी उपस्थिति उचित कारण के बिना है तो बल्लेबाज को जिस क्षति से बचा जा सकता था उसे पहुंचाने वाला माना जाएगा। नियम के अनुसार एक टीम को ‘पहली और अंतिम चेतावनी’ मिलेगी जो पूरी पारी के दौरान लागू होगी।

अगर पारी के दौरान टीम के किसी भी सदस्य द्वारा अपराध दोहराया जाता है तो बल्लेबाजी करने वाली टीम पर पांच रन की पेनल्टी लगेगी।