मेजबान लखनऊ व प्रयागराज मंडल ने जीते दो मुकाबले, नाकआउट के लिए मजबूत की दावेदारी
लखनऊ। मेजबान लखनऊ मंडल व प्रयागराज मंडल ने प्रदेश स्तरीय खेल समन्वय सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए लीग मुकाबलों में दो जीत के साथ नाकआउट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी कर दी।
प्रदेश स्तरीय खेल समन्वय सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का दूसरा दिन
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन गोरखपुर, बरेली, अयोध्या व वाराणसी ने भी अपने-अपने मुकाबले जीते।

मेजबान लखनऊ मंडल ने आज गोरखपुर के खिलाफ एकतरफा 14-3 गोल से जीत दर्ज की। लखनऊ की ओर से डाली ने सबसे ज्यादा 8 गोल दाग प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाया।
इसके अलावा लखनऊ ने अपने दूसरे मैच में मेरठ को 4-2 गोल से हराया। एक अन्य मुकाबले में बरेली ने सहारनपुर को एकतरफा 21-0 से हराया। बरेली की ओर से रंजना व सविता ने आठ-आठ गोल प्रतिद्वंद्वी टीम के ऊपर दागने में सफलता हासिल की।
अयोध्या ने आगरा को 22-3 गोल से हराया। अयोध्या की ओर से वैष्णवी व सरिता ने 6-6 गोल किए। दूसरी ओर प्रयागराज ने अपने पहले मैच में झांसी को 12-7 से एवं दूसरे मैच में बरेली को 6-5 गोल से हराया।
अन्य मुकाबलों में गोरखपुर ने बस्ती को 4-1 से एवं वाराणसी ने विध्यांचल मंडल को 23-5 गोल से पराजित किया। प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल व प्रयागराज मंडल ने अब तक 3-3 मैच खेले ओर तीनो में जीत अपने नाम की। इसके अलावा अयोध्या मंडल ने 2 मुकाबले जीते है।