राजकोट टेस्ट में आगे नहीं खेलेंगे आर अश्विन, जाने पूरा मामला
फैमिली मेडिकल इमरजेंसी की वजह से टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने तत्काल प्रभाव से टेस्ट टीम से नाम वापस ले लिया है। वे राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में जारी तीसरे भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट में आगे भाग नहीं ले पाएंगे।
आर अश्विन ने शुक्रवार की दोपहर को अपना 500वां टेस्ट विकेट लिया था और कुछ ही घंटों के बाद उनको फैमिली इमरजेंसी की वजह से टेस्ट टीम का साथ छोड़ना पड़ा है। बीसीसीआई ने खुद इसकी जानकारी दी है।

बीसीसीआई सचिव जय शाह की ओर से जारी मीडिया रिलीज में बोला गया है कि इस चुनौतीपूर्ण समय में बीसीसीआई और पूरी टीम अश्विन का पूर्ण समर्थन करती है। बीसीसीआई चैंपियन क्रिकेटर और उनके परिवार को अपना सपोर्ट देती है।
खिलाड़ियों और उनके प्रियजनों का स्वास्थ्य और भलाई अत्यंत महत्वपूर्ण है। बोर्ड अश्विन और उनके परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करती हैं, क्योंकि वे इस चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहे हैं। जैसा कि बीसीसीआई ने अपने बयान में बोला है कि परिवार की निजता का सम्मान किया जाए।
ऐसे में किसी भी तरह का कयास लगाना गलत होगा कि उनके परिवार में क्या समस्या हुई है। भारत के लिए ये झटका है, क्योंकि वे इस टेस्ट में आगे भाग नहीं ले पाएंगे और टीम इंडिया को एक प्रीमियर ऑफ स्पिनर की कमी खलेगी, क्योंकि उनकी जगह कोई खिलाड़ी फील्डिंग तो कर सकता है, गेंदबाजी या बल्लेबाजी उनकी जगह कोई नहीं करेगा।
क्रिकेट के नियम ही कुछ इस तरह के हैं कि सिर्फ कनकशन के तौर पर आपको सब्सटीट्यूट मिल सकता है, बाकी किसी भी तरह से आपकी जगह कोई अन्य खिलाड़ी बैटिंग और बॉलिंग नहीं कर सकता है।
मैच के दौरान अन्य किसी भी प्रकार की गंभीर चोट के लिए आपको सिर्फ और सिर्फ फील्डर मिलता है। ऐसे में भारत के पास दो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज और दो स्पिनर कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा हैं।