उत्तर प्रदेश की आकांक्षा वर्मा भारतीय ट्रैक साइकिलिंग टीम में चयनित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की साइकिलिस्ट आकांक्षा वर्मा का चयन आगामी एशियन ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में कर लिया गया है। एशियन ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप आगामी 21 से 26 फरवरी 2024 तक नई दिल्ली के आईजी स्पोर्टस काम्पलेक्स में बने साइकिलिंग वेलोड्रम में होगी।
एशियन ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी उत्तर प्रदेश की आकांक्षा वर्मा
इस चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए भारतीय साइकिलिंग टीम के चयन के लिए ट्रायल साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 17 एवं 18 फरवरी 2024 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया है।

भारतीय टीम में जगह बनाने वाली अयोध्या की निवासी आकांक्षा वर्मा पिछले एक माह से नई दिल्ली में भारतीय साइकिलिंग टीम के कोच के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग कर रही है। अब वह एशियन ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिये चयनित कर ली गई है।
आकांक्षा के चयन पर उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के चेयरमैन धीरेंद्र सिंह सचान (आईएएस, विशेष सचिव-चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश सरकार), अध्यक्ष राम सकल गुर्जर अध्यक्ष व सचिव आरके गुप्ता के साथ डा.आनंद किशोर पांडेय (निदेशक, स्पोर्ट्स नेटवर्क एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखनऊ साइकिलिंग एसोसिएशन) ने उसे बधाई देते हुए आगामी एशियन चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।