हरियाणा के खिलाफ मैच के बाद संन्यास लेंगे विदर्भ के फैज फज़ल
विदर्भ के दो बार के रणजी ट्रॉफी विजेता कप्तान और सलामी बल्लेबाज फैज़ फ़ज़ल ने ऐलान किया है वह प्रतिष्ठित प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट में हरियाणा के खिलाफ अपनी टीम के मैच के बाद पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
फज़ल की अगुवाई में विदर्भ ने 2017-18 में पहली बार रणजी ट्रॉफी जीती थी। उस सीजन वह अपनी टीम के लिए ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। खास बात यह है कि उन्होंने इस जीत को अगले सीजन फिर दोहराया और अपनी टीम को चैंपियन बनाया।

फज़ल ने 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के तीसरे वनडे से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। उन्होंने नाबाद 55 रन बनाए और मेहमान टीम ने 10 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद उन्हें मौका नहीं मिला।
फैज़ फ़ज़ल ने कहा, कल यानी मंगलवार को एक युग का अंत होगा जब मैं आखिरी बार नागपुर के मैदान पर कदम रखूंगा, जहां प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मेरी यात्रा 21 साल पहले शुरू हुई थी। यह एक खास यात्रा रही है, जो यादगार यादों से भरी हुई है।

भारतीय टीम और विदर्भ दोनों का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का बड़ा सम्मान रहा है। उन क्रिकेट जर्सियों को पहनना मुझे हमेशा गर्व से भर देता है। मेरी प्रिय नंबर 24 जर्सी को विदाई दे रहा हूं, जिसकी मुझे बहुत याद आएगी।
मेरे सभी साथियों, फिजियो और प्रशिक्षकों का हार्दिक धन्यवाद। साथ ही ग्राउंड्समैन, परिवार, दोस्तों और समर्थकों ने मेरी इस यात्रा में मेरा हमेशा साथ दिया।
फ़ज़ल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, जैसे ही एक अध्याय ख़त्म होता है, दूसरा इंतज़ार कर रहा होता है और अपने पेशेवर क्रिकेट करियर को अलविदा कहना मुझे मिश्रित भावनाओं से भर देता है। मैं आगे आने वाले नए रोमांचों को अपनाने के लिए उत्सुक हूं।
ये खिलाड़ी लिस्ट ए (113 मैजों में 3,641 रन) और प्रथम श्रेणी (137 खेलों में 9183 रन, 24 शतक और 39 अर्धशतक) दोनों में विदर्भ के लिए ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा उन्होंने 66 टी20 में 1,273 रन बनाए हैं। वह 2009 से 2011 तक आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स से खेले।