Trending

महिला प्रीमियर लीग : चोट की वजह से काशवी-कनिका बाहर

23 फरवरी से शुरू होने वाले महिला प्रीमियर लीग के दूसरा सीजन से पहले गुजरात जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को बड़ा झटका लगा है। काशवी गौतम और कनिका आहूजा चोट की वजह से बाहर हो गई हैं।

जायंट्स ने काशवी को ऑक्शन 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। जांयट्स ने उन्हें 20 गुना कीमत देकर टीम में शामिल किया था। काशवी का बेस प्राइस 10 लाख रुपये था।

साभार : गूगल

काशवी का घरेलू महिला क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा। महिलाओं की घरेलू अंडर-19 टूर्नामेंट में चंडीगढ़ के लिए खेलते हुए उन्होंने वनडे में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उन्होंने महिला सीनियर टी20 ट्रॉफी 2023 में सात मैच में 4.14 रन प्रति ओवर की इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए।

उन्होंने भारत के साथ हांगकांग एसीसी इमर्जिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। जायंट्स ने काशवी के रिप्लेसमेंट के रूप में मुंबई की सयाली सतगरे को जोड़ा है। सयाली को 10 लाख रुपये मिलेंगे।

आरसीबी ने कनिका के रिप्लेसमेंट के तौर पर श्रद्धा पोखरकर को लिया है। श्रद्धा 10 लाख रुपये में आरसीबी स्क्वॉड का हिस्सा बनी हैं। श्रद्धा आरसीबी की नेट बॉलर थीं। कनिका ने डब्ल्यूपीएल के पहले सीजन में 7 मैचों में 132.43 के स्ट्राइक रेट से 98 रन बनाए, दो विकेट झटके।

कनिका ने पिछले साल एशियन गेम्स में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया, जिसमें वह बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सकीं। कनिका ने भारत द्वारा जीते गए इमर्जिंग एशिया कप में प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें भविष्य के लिए शानदार संभावना के रूप में देखा जा रहा है।