पेरिस ओलंपिक इक्वेस्ट्रियन : ड्रेसेज में अनुश अग्रवाल ने भारत को दिलाया कोटा
अनुश अग्रवाल ने ड्रेसेज में पेरिस ओलंपिक के लिए घुड़सवारी में भारत का पहला कोटा हासिल किया, इंटरनेशनल फेडरेशन फॉर इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स (एफईआई) ने सोमवार ये जानकारी दी। ड्रेसेज टूर्नामेंटों में, घोड़ा और घुड़सवार एक निचली घेराबंदी वाली जगह में पूर्व निर्धारित गतिविधियों की एक सीरीज का प्रदर्शन करते हैं।
इस प्रदर्शन के दौरान घोड़े को क्षेत्र के भीतर ही रहना चाहिए। अग्रवाल, जिन्होंने पिछले साल कांस्य पदक के साथ एशियाई खेल में ड्रेसेज में भारत के लिए पहला पदक जीता था, उन्होंने चार एफईआई स्पर्धाओं में अपने प्रदर्शन के आधार पर भारत के लिए पेरिस कोटा अपने नाम किया।

हांगझोऊ में, अग्रवाल ने पदक जीतने की दौड़ के दौरान एट्रो नाम के घोड़े की सवारी की थी। एफईआई आयोजनों के दौरान, भारतीय घुड़सवार ने घोड़े सर कारमेलो ओल्ड की सवारी करते हुए पोलैंड में 73.485% स्कोर किया और नीदरलैंड में 74.4% का स्कोर किया।
जर्मनी में उन्हें 72.9% और बेल्जियम में 74.2% अंक मिले थे। राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों (एनओसी) के पास ओलंपिक में अपने संबंधित देशों का प्रतिनिधित्व करने के लिए विशेष अधिकार है और पेरिस खेलों में एथलीटों की भागीदारी पेरिस 2024 में अपने प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व करने के लिए उनका चयन करने वाली उनकी एनओसी पर निर्भर करती है।
बता दें कि, भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) पेरिस ओलंपिक के लिए अंतिम नाम भेजने से पहले एक ट्रायल आयोजित करेंगे। कोटा हासिल करने के बाद अग्रवाल ने कहा, “पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए स्थान सुरक्षित करने में सफल होने पर मुझे गर्व है।
उन्होंने आगे कहा, “मुझे विश्वास है कि मुझे इस प्रतिष्ठित मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना जाएगा। अग्रवाल द्वारा हासिल कोटा पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए 40वां कोटा है।
फवाद मिर्जा ने टोक्यो 2020 ओलंपिक में घुड़सवारी में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इससे पहले, इम्तियाज़ अनीस (सिडनी 2000), इंद्रजीत लांबा (अटलांटा 1996), जितेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया, हुसैन सिंह, मोहम्मद खान और दरिया सिंह (सभी मॉस्को 1980) ने ग्रीष्मकालीन खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।