एआईएफएफ करेगा दिल्ली प्रीमियर लीग में सट्टेबाजी और फिक्सिंग के आरोपों की जांच
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ दिल्ली प्रीमियर लीग में सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग के आरोपों के सामने आने के बाद इसकी तह तक जाने के लिए सरकारी एजेंसियों की मदद से देश के विभिन्न शहरों में जांच करेगा।
दिल्ली लीग में मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी का संदेह सोमवार को तब पैदा हुआ जब अहबाब एफसी ने रेंजर्स एफसी के खिलाफ मैच के आखिरी पलों में दो गोल किये। अहबाब एफसी पहले इस मैच को 4-0 जीत रहा था, उसने 4-2 से जीत दर्ज की।

इन दोनों आत्मघाती गोल के वीडियो ‘वायरल’ हो गए, एआईएफएफ ने इस संदेहास्पद मैच की विस्तृत जानकारी देने के लिए फुटबॉल दिल्ली के प्रमुख अनुज गुप्ता को तलब किया और उन्हें नोटिस सौंपा।
एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने बोला कि वह जांच शुरू करने और सट्टेबाजी सिंडिकेट की तह तक जाने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क करेंगे।
चौबे ने विज्ञप्ति में कहा,‘‘हमारी जांच दिल्ली तक की सीमित नहीं रहेगी। हमारे पास अन्य शहरों में इस तरह के चलन पर विश्वास करने के कारण हैं और हम जांच के लिए विस्तृत नेटवर्क तैयार करेंगे।
दिल्ली मैच से संबंधित आरोपों के बारे में राष्ट्रीय महासंघ ने कहा, ‘‘एआईएफएफ ने आज दिल्ली सॉकर एसोसिएशन को ईमेल से नोटिस जारी करके 19 फरवरी को हुए दिल्ली प्रीमियर लीग मैच की घटना पर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
महासंघ के अनुसार,‘‘ एआईएफएफ के अधिकारियों की कल्याण चौबे की अध्यक्षता में आपात बैठक हुई जिसमें दिल्ली संघ के अध्यक्ष अनुज गुप्ता को तलब किया जिसमें उनसे घटना की विस्तृत जानकारी और इस मामले में मेजबान संघ के रवैए के बारे में बताने के लिए कहा गया।