Trending

विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप : नॉकआउट में भारतीय पुरुष व महिला टीम की इंट्री

विश्व टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप के ग्रुप चरण में विपरीत अंदाज में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने जीत के साथ नॉकआउट चरण में जगह पक्की की. भारतीय महिला टीम ने पिछड़ने के बाद स्पेन पर 3-2 से जीत दर्ज की, पुरुष टीम ने न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया.

भारतीय टीम को स्पेन से कड़ी टक्कर मिली. श्रीजा अकुला और मनिका बत्रा के शुरू के दोनों मैचों में हारने के बाद अयहिका मुखर्जी ने जीत के साथ भारत की मैच में वापसी करायी. श्रीजा और मनिका चौथे और पांचवें मैच को जीतने में सफल रहे.

@India_AllSports

श्रीजा शुरुआती एकल में मारिया जियाओ से 9-11, 11-9, 11-13, 4-11 से हारी. सोफिया-जुआन झांग ने शीर्ष रैंक वाली भारतीय खिलाड़ी मनिका पर 13-11,6-11,8-11,11-9,11-7 से जीत के साथ स्पेन का स्कोर 2-0 किया.

अयहिका ने तीसरे एकल में एल्विरा रेड को 11-8, 11-13, 11-8, 9-11, 11-4 से हराकर भारत को मैच में बनाए रखा. मनिका ने चौथे एकल में मारिया को 11-9, 11-2, 11-4 से हराकर स्कोर 2-2 किया. श्रीजा ने झांग पर 11-6, 11-13, 11-6, 11-3 से जीत दर्ज कर भारत को सफलता दिलायी.

भारतीय महिला टीम चार मैचों में तीन जीत के साथ ग्रुप एक में दूसरे स्थान पर रही. इस ग्रुप में चीन शीर्ष स्थान पर रहा। भारत को ग्रुप चरण में हार चीन से मिली. चीन के खिलाफ अयहिका और श्रीजा ने विश्व की नंबर एक और नंबर दो खिलाड़ी क्रमश: सुन यिंघसा और वांग यिदि को हराया था.

पुरुषों वर्ग में राष्ट्रीय विजेता हरमीत देसाई और जी साथियान ने शुरुआती दो एकल में क्रमशः चोई टिमोथी और अल्फ्रेड पेना डेला के खिलाफ जीत दर्ज की. हरमीत ने जहां 11-5, 11-1, 11-6 से जीत दर्ज की, साथियान ने डेला को 11-3, 11-7, 11-6 से हराया.

मानुष शाह ने दो गेम से पिछड़ने के बाद मैक्सवेल हेंडरसन पर 10-12, 6-11, 11-4, 11-8, 11-6 से जीत दर्ज की। भारत ग्रुप तीन में दक्षिण कोरिया और पोलैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा.

इस स्पर्धा में 40 टीमों में से भारत दोनों वर्ग में नॉकआउट में जगह बनाने वाली 32 टीमों में है. टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमें पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेंगी. ओलंपिक टिकट के लिए भारतीय पुरुष और महिला टीमों को दो जीत दर्ज करनी होगी.