Trending

एफआईएच प्रो लीग हॉकी : शूटआउट में नीदरलैंड से 2-4 से भारत की हार

भारत को एफआईएच प्रो लीग हॉकी के दूसरे चरण के मैच में यहां नीदरलैंड से शूटआउट में 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय तक दोनों टीम 1-1 से बराबरी पर थी जिसके बाद शूटआउट में गया।

भुवनेश्वर में हुए पहले चरण के मैच में भारत ने नीदरलैंड को शूटआउट में 4-2 से हराया था। निर्धारित समय तक दोनों टीम 2-2 से बराबरी पर थी। नीदरलैंड को फ्लोरिस मिडेंडॉर्प ने चौथे मिनट में ही गोल करके बढ़त दिलाई थी।

@hockeyindia

भारत से हार्दिक सिंह ने 38वें मिनट में बराबरी का गोल किया। नीदरलैंड को जीत से दो अंक मिले, भारत को एक अंक से संतोष करना पड़ा। भारत ने शुरू में आक्रामक खेल दिखाकर नीदरलैंड पर दबाव बनाया, इसका वह सकारात्मक परिणाम हासिल नहीं कर पाया।

नीदरलैंड ने चौथे मिनट में भारतीय सर्कल में सेंध लगाई और मिडेंडॉर्प अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला गोल करने में सफल रहे। नीदरलैंड को पहले क्वार्टर के अंतिम समय में पहला पेनल्टी कार्नर मिला, भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने उसका अच्छी तरह से बचाव किया।

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीम के बीच कड़ा मैच देखने को मिला। सुखजीत सिंह ने 27वें मिनट में भारत से बराबरी का गोल किया था, मैदानी अंपायर ने इसे अयोग्य घोषित कर दिया। भारत ने रेफरल लिया, इसका फैसला उसके पक्ष में नहीं गया।

भारत तीसरे क्वार्टर में गोल करने के लिए बेताब दिखा। उसने तीसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया, कप्तान हरमनप्रीत सिंह उसे पर गोल नहीं कर पाए। 5 मिनट बाद भारत को दूसरा पेनल्टी कार्नर मिला जिस पर हार्दिक सिंह ने रिबाउंड से गोल किया।

अंतिम क्वार्टर में दोनों टीम ने एक दूसरे के सर्कल में कई बार गेंद पहुंचाई, वे गोल करने में नाकाम रही। भारत अपना अगला मैच शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह रविवार को आयरलैंड के खिलाफ अपने घरेलू अभियान का समापन करेगा।