महिला प्रीमियर लीग : मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच पहला मैच आज, उद्घाटन में दिखेगा फिल्मी स्टार्स का जलवा
मौजूदा विजेता मुंबई इंडियंस और पिछली बार के उप-विजेता दिल्ली कैपिटल्स के बीच शुक्रवार को होने वाले मैच से दूसरे महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत होगी, जिसमें भारत की युवा प्लेयर्स पर निगाहें टिकी रहेंगी।
भारत की अनुभवी प्लेयर्स के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें होंगी। इनमें मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर और बंगलूरू की कप्तान स्मृति मंधाना भी हैं। पिछले साल डब्ल्यूपीएल का पहला टूर्नामेंट मुंबई में हुआ था, इस बार इसका आयोजन बेंगलुरु और दिल्ली में होगा।

दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुकी हैं, डब्ल्यूपीएल में टीम दारोमदार इस अनुभवी बल्लेबाज पर टिका रहेगा। उन्होंने पिछले साल इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाए थे, मुंबई की गेंदबाज हेली मैथ्यूज ने 16 विकेट लिए थे।
टूर्नामेंट में विदेशों की कई स्टार खिलाड़ी भाग लेंगी जिनके बीच भारत की युवा खिलाड़ी चमक बिखरने की कोशिश करेंगी। जिन युवा भारतीय प्लेयर्स पर निगाह टिकी रहेगी उनमें श्रेयंका पाटिल भी हैं जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से खेलेंगी। पाटिल ने पिछले 10 महीनों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्हें भारत से टेस्ट और वनडे क्रिकेट में प्रदार्पण करने का मौका मिला। इसी तरह की कहानी दिल्ली कैपिटल्स की तितास साधु की है। इस 19 वर्षीय खिलाड़ी ने एशियाई खेल में भारत से पदार्पण किया।
उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ चार ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लिए जिससे भारत 117 रन के अपने स्कोर का बचाव करने में सफल रहा था। दिल्ली टीम में एक अन्य युवा खिलाड़ी मिन्नू मणि हैं जो डब्ल्यूपीएल में खुद को साबित करने के लिए बेताब होगी। इस ऑफ स्पिनर ने अभी तक भारत की तरफ से चार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।
महिला प्रीमियर लीग के उद्घाटन समारोह में शाहरुख खान समेत कई फिल्मी स्टार्स अपनी चमक बिखरेंगे। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में उद्घाटन समारोह में एक्टर शाहिद कपूर, वरुण धवन, कार्तिक आर्यन और टाइगर श्रॉफ जैसे फिल्म सितारे दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
दोनों टीमों (संभावित प्लेइंग इलेवन)
मुंबई इंडियंस: हेली मैथ्यूज, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नेट साइवर ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमेलिया कर, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्राकर, शबनिम इस्माइल, जिन्तिमनी कलिता, अमनदीप कौर, साइका इशाक
दिल्ली कैपिटल्स: शेफाली वर्मा, मेग लैनिंग (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, मारिजाने कैप, एलिस कैप्सी, एनाबेल सदरलैंड, शिखा पांडे, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), राधा यादव, पूनम यादव, तितास साधु।