Trending

महिला प्रीमियर लीग : मुंबई की दूसरी जीत, गुजरात की 5 विकेट से हार

अमेलिया केर के ऑलराउंड प्रदर्शन और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार बल्लेबाजी से मुंबई इंडियंस ने यहां गुजरात जायंट्स को पांच विकेट से हराकर महिला प्रीमियर लीग में दूसरी जीत दर्ज की।

गुजरात ने पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाये जाने के बाद 9 विकेट पर 126 रन बनाए। अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराने वाली मुंबई ने 18.1 ओवर में पांच विकेट पर 129 रन बनाकर विजय अभियान जारी रखा।

Credits : Espncricinfo

मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर 3 विकेट पर 49 रन था। हरमनप्रीत (41 गेंद पर नाबाद 46) और केर (25 गेंद पर 31 रन) ने चौथे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी करके टीम को 11 गेंद शेष रहते हुए जीत दिलाई।

इन दोनों के अलावा नेट साइवर ब्रंट ने 22 रन का योगदान दिया। हरमनप्रीत ने अपनी पारी में पांच चौकों के अलावा विजयी छक्का भी लगाया। अनुभवी तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल ने गुजरात के शीर्ष क्रम को झकझोरा। उन्होंने 18 रन देकर तीन विकेट लिए।

लेग स्पिनर केर ने मध्यक्रम और निचलेक्रम के बल्लेबाजों को नहीं चलने दिया तथा अपने कोटे के चार ओवर में 17 रन देकर चार विकेट लिए। गुजरात के चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे, जिनमे नौवें नंबर की बल्लेबाज तनुजा कंवर ने 28 रन का योगदान दिया।

उन्होंने कैथरीन ब्राइस (नाबाद 25) के साथ आठवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान बेथ मूनी ने 24 और एश्ले गार्डनर ने 15 रन का योगदान दिया। पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद गुजरात का स्कोर 11 ओवर के बाद पांच विकेट पर 58 रन था।