Trending
एफआईएच प्रो लीग : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीत से किया घरेलू चरण का समापन
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां अपने से कम रैंकिंग की टीम आयरलैंड को 4-0 से हराकर एफआईएच प्रो लीग के घरेलू चरण का जीत के साथ अंत किया।
भारत से नीलकांत शर्मा (14वें मिनट), आकाशदीप सिंह (15वें), गुरजंत सिंह (38वें) और जुगराज सिंह (60वें) ने गोल किए। नीलकांत और जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए, आकाशदीप और गुरजंत ने मैदानी गोल दागे।

भारत ने शुरू से लेकर अंत तक मैच में दबदबा बनाए रखा और मध्यांतर तक वह 2-0 से आगे था। भारत आठ मैच में पांच जीत और तीन हार से 15 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।
नीदरलैंड 26 अंक लेकर शीर्ष पर है, ऑस्ट्रेलिया 20 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम मई जून में प्रो लीग के यूरोपीय चरण में भाग लेगी।