पीकेएल 10 : पटना पायरेट्स सेमीफाइनल में, दबंग दिल्ली की एलिमिनेटर-1 में हार
तीन बार की विजेता पटना पायरेट्स ने प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन के सेमीफाइनल में जगह बनाई। पटना ने सोमवार रात जीएमसी बालायोगी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (गाचीबोवली) में हुए एलिमिनेटर-1 मैच में दबंग दिल्ली को 37-35 से हराया।

सेमीफाइनल में पटना और पुनेरी पलटन के बीच 28 फरवरी को टक्कर होगी। दबंग दिल्ली के कप्तान आशू मलिक ने 19 प्वॉइंट लिए, उसका और कोई खिलाड़ी नहीं चल पाया। पटना से सचिन ने नौ, मंजीत और सुधाकर ने पांच-पांच, संदीप कुमार ने पांच प्वॉइंट लिए।
पटना ने धमाकेदार शुरुआत की और पहली ही रेड में सचिन तंवर के सुपर रेड में दो प्वॉइंट हासिल कर लिए। पहले पांच मिनट के खेल में उसने सीजन-8 की चैंपियन दिल्ली के खिलाफ 4-4 बराबरी हासिल कर ली।
दिल्ली के एक प्वॉइंट की लीड लेने के बाद पटना ने डू ऑर डाई में एक अंक हासिल करके अपनी बढ़त बना ली। मैच में 8-5 की बढ़त के साथ पटना ने सचिन के सुपर रेड के सहारे दबंग दिल्ली को ऑलआउट करके पहले 10 मिनट के खेल में 12-5 का स्कोर कर दिया।
दबंग दिल्ली ने अगले 10 मिनट के खेल में वापसी करने की कोशिश की। कप्तान आशू मलिक के दम पर पटना की लीड को कम करना शुरू कर दिया। पटना के लिए सचिन लगातार प्वॉइंट्स हासिल करते जा रहे थे और इससे टीम 15वें मिनट तक 14-9 से आगे थी।
आशू मलिक ने चार प्वॉइंट की सुपर रेड लगाकर मैच को पूरी तरह से पलट दिया। अगली ही मिनट में दबंग दिल्ली ने पटना पायरेट्स को ऑल आउट करके मैच में 16-15 की लीड हासिल कर ली।
आशू ने 17वें मिनट में दो प्वॉइंट की सुपर रेड लगाकर अपना सुपर-10 पूरा कर लिया और दिल्ली के स्कोर को 18-15 का कर दिया। सुधाकर ने दो प्वॉइंट की रेड के साथ पटना पायरेट्स को 19-18 से आगे किया।
सुधाकर अगली रेड में ऑउट ऑफ बोंड चले गए और दिल्ली ने पहले हाफ की समाप्ति तक 20-19 की लीड दिला दी। दूसरे हाफ के शुरू होने के बाद आशू मलिक ने 23वें मिनट में तीन प्वॉइंट की एक और सुपर रेड के साथ दिल्ली को 23-20 से आगे किया।
28वें मिनट तक दिल्ली 24-22 से आगे थी। तीन बार की चैंपियन ने फिर से वापसी करते हुए मुकाबले के 30वें मिनट तक स्कोर को 25-25 से बराबरी पर ला दिया।
दोनों टीमों के बीच अंतिम 10 मिनट का खेल रोमांचक रहा। जहां दिल्ली के पास दो प्वॉइंट की लीड थी तो पटना ने वापसी की उम्मीदें नहीं छोड़ी। दूसरे हाफ में दबंग दिल्ली का डिफेंस गजब कर रहा था और इससे दिल्ली की टीम 35वें मिनट तक 28-26 से आगे थी।
26वें मिनट में संदीप कुमार ने दो प्वॉइंट की सुपर रेड के दम पर पटना पायरेट्स को लीड दिला दी। दिल्ली के दो रेडर ने मिलकर मंजीत का सुपर टैकल कर लिया और दिल्ली को फिर से 31-29 से लीड मिल गई।
मैच को समाप्त होने में दो मिनट का समय बचा था था और दिल्ली ने फिर सचिन का सुपर टैकल करके स्कोर को 33-30 तक पहुंचा दिया। पटना ने लगातार दो अंक लेकर वापसी का बिगुल बजा दिया 32-32 से बराबरी पर आई गई।
दबंग दिल्ली ऑल आउट हो गई और पटना ने 35-33 का स्कोर कर लिया। अंतिम मिनटों में मंजीत ने एक और अंक ले लिया और साथ ही वह सेमीफाइनल में पहुंच गई। पटना ने दबंग दिल्ली को 37-35 से हरा दिया।