शमी के टखने का ऑपरेशन सफल, लंबे समय तक मैदान से रहेंगे दूर
भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी के बायें टखने का सफल ऑपरेशन हुआ है जिसके कारण उनका अगले महीने से शुरू होने वाले आईपीएल से बाहर रहना तय है। इस कारण से वह जून में होने वाले टी20 विश्व कप से भी बाहर रह सकते हैं।

इस 33 वर्षीय गेंदबाज ने पिछले साल वनडे विश्व कप में भारत को फाइनल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उनका सोमवार को लंदन में ऑपरेशन हुआ। उन्हें फिट होने में तीन महीने का समय लग जाएगा।
शमी ने सोमवार को अस्पताल में अपनी कई फोटोज को साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘अभी मेरे अकिलीज़ टेंडन का सफल ऑपरेशन हुआ है। इससे उबरने में समय लगेगा लेकिन मैं फिर से अपने पांवों पर खड़े होने के लिए उत्सुक हूं।
वनडे विश्व कप में 24 विकेट लेने वाले शमी दर्द के बावजूद इस टूर्नामेंट में खेले थे। वह टखने में विशेष इंजेक्शन लगाने के लिए जनवरी में लंदन गए थे। उन्हें इससे कोई फायदा नहीं हुआ जिसके बाद उन्हें ऑपरेशन करवाना पड़ा।
शमी को हाल में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने एक दशक के अपने करियर में टेस्ट क्रिकेट में 229, वनडे में 195 और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 24 विकेट लिए हैं।