तुर्की महिला कप : भारतीय टीम उपविजेता, कोसोवो से फाइनल में हार
भारतीय महिला फुटबॉल टीम का दक्षिण एशिया क्षेत्र से बाहर पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीतने का सपना पूरा नहीं हो सका।
कम रैंकिंग वाली कोसोवो टीम ने तुर्की महिला कप के अंतिम राउंड रोबिन मैच में इंजरी टाइम में गोल दागकर भारत का न केवल विजय रथ थामा, उसे खिताब से महरूम कर दिया।
दुनिया की 100वें नंबर की टीम कोसोवा ने एर्लेटा मेमेटी (90 प्लस दो) के गोल से 1-0 से जीत दर्ज की। कोसोवो ने चार देशों के इस टूर्नामेंट में अपने तीनों मैच जीते और नौ अंक के साथ टीम शीर्ष पर रहा। कोसोवो का यह दूसरा खिताब है।

फीफा रैंकिंग में 65वें स्थान पर मौजूद भारत तीन मैच में छह अंक के साथ उपविजेता रहा। टूर्नामेंट में तीसरी बार भाग ले रही भारतीय महिला फुटबॉल टीम का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत की मनीषा कल्याण को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर चुना गया। भारत के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था।
कोसोवो ने पिछला मुकाबला नवंबर 2022 (स्लोवेनिया के खिलाफ 1-3 की हार) में गंवाया था और भारत के खिलाफ ड्रॉ से ही उसका खिताब पक्का हो जाता, टीम ने इससे भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। भारत ने हांगकांग के खिलाफ पिछले मैच से एक बदलाव करते हुए कार्तिका अंगमुथु की जगह संगीता बासफोर को मैदान में उतारा।