रणजी ट्रॉफी : तमिलनाडु के खिलाफ सेमीफाइनल के लिए श्रेयस अय्यर मुंबई टीम में शामिल
रणजी ट्रॉफी 2023/24 सीजन के सेमीफाइनल में भारतीय मिडिल आर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर खेलेंगे। एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेयस अय्यर ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को कन्फर्म किया है कि वह फिट हैं और मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के लिए उपलब्ध हैं।
सेमीफाइनल के लिए उनका नाम स्क्वॉड में शामिल किया गया है। रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई का सामना तमिलनाडु से होगा। यह मैच 2 मार्च से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के मैदान बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में होगा।

अय्यर ने पीठ में चोट के चलते क्वार्टर फाइनल नहीं खेला था। मुंबई टीम ने जब रणजी ट्रॉफी में क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी टीम घोषित की थी, तो इसमें श्रेयस का नाम नहीं था। एसोसिएशन ने बताया था कि श्रेयस को पीठ में चोट है, इसी कारण वह क्वार्टर फाइनल नहीं खेल सकेंगे।
तनुष और तुषार की सेंचुरी से मुंबई ने दूसरी पारी में 569 रन बनाए और बड़ौदा के सामने जीत के लिए 600 रन का टारगेट रखा। जवाब में आखिरी दिन का खेल खत्म होने तक बड़ौदा ने तीन विकेट खोकर 121 रन बनाए और मैच ड्रॉ हो गया।

मुंबई ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। टीम का सामना सेमीफाइनल में तमिलनाडु से होगा। मुंबई ने पहली पारी में 384 रन बनाए थे। जवाब में बड़ौदा की पहली पारी 348 रन के स्कोर पर सिमट गई थी।
श्रेयस पिछले साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान इंजर्ड हो गए थे। वह आईपीएल और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल नहीं खेल सके। उन्होंने एशिया कप से वापसी की, 2 ही मैच खेले।
फिट होने के बाद उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में नंबर-4 की पोजिशन पर शानदार प्रदर्शन किया। श्रेयस ने 11 मैचों में 530 रन बनाए थे। वर्ल्ड कप के बाद श्रेयस को साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलने का मौका मिला।
उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती 2 टेस्ट खेले। वह किसी भी मुकाबले में फिफ्टी नहीं लगा सके, जिस कारण उन्हें आखिरी 3 टेस्ट के स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने पिछले दिनों रणजी नहीं खेलने वाले प्लेयर्स को चेतावनी दी थी। शाह ने कहा कि सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ी अगर फिट हैं और नेशनल टीम का हिस्सा नहीं हैं तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना ही होगा। नहीं खेलने पर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।