महिला प्रीमियर लीग : गुजरात के खिलाफ जीत से आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर ने महिला प्रीमियर लीग के 5वें मैच में गुजरात जायंट्स को 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज कर ली। इस मैच में आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी और उनके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के इस फैसले को सही साबित करते हुए गुजरात की टीम को 107 रनों पर रोक दिया।
आरसीबी ने 108 रनों के लक्ष्य को 12.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आरसीबी के लिए कप्तान स्मृति मंधाना ने 43 रनों की पारी खेली। मेघना ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 36 नाबाद रनों का योगदान दिया।

इस जीत के साथ ही आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर आ गई है। गुजरात की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई और कभी भी ऐसा नहीं लगा कि ये टीम अटैक करने की कोशिश कर रही है। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन हेमलता ने बनाए। हेमलता ने 31 रनों की नाबाद पारी खेली।

हेमलता के अलावा गुजरात के बाकी बल्लेबाज़ टी-20 में टेस्ट जैसी बल्लेबाजी करते दिखे और इसकी शुरुआत ओपनर हरलीन देओल ने की, जो पावरप्ले में ही डिफेंस करती रही और अंत में आउट होने से पहले 31 गेंदों में 70 के स्ट्राइक रेट से 22 रन बनाए।
आरसीबी से सोफी मोलिन्यूक्स ने 4 ओवरों में 25 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। हिमाचल की रेणुका सिंह ठाकुर ने 2 विकेट लिए जिसमें गुजरात की कप्तान बेथ मूनी का बड़ा विकेट भी था।
रेणुका ने पारी के तीसरे ही ओवर में गुजरात की कप्तान और दुनिया की नंबर वन बल्लेबाज़ बेथ मूनी को क्लीन बोल्ड करके आरसीबी को बड़ा विकेट दिलाया। बेथ मूनी रेणुका के सामने कभी भी सहज नहीं दिखी और रेणुका की गेंद पर बोल्ड हो गईं।