Trending

महिला प्रीमियर लीग : यूपी वारियर्स की पहली जीत, मुंबई को 7 विकेट से हराया

महिला प्रीमियर लीग में किरण नवगिरे के अर्धशतक और कप्तान एलिसा हीली के साथ उनकी पहले विकेट के लिए साझेदारी से यूपी ने मुंबई को 21 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर अपना खाता खोला।

दोनों मैच में जीत दर्ज करने वाली मुंबई हेली मैथ्यूज के अर्धशतक के बावजूद पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 161 रन बना सकी। वॉरियर्स ने 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर जीत दर्ज की। वॉरियर्स पहले दोनों मैच हार गई थी।

Credits : Espncricinfo

किरण ने 31 गेंद पर 57 रन बनाए जिसमें 6 चौके और चार छक्के हैं। उन्होंने हीली (29 गेंद पर 33 रन, 5 चौके) के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। वॉरियर्स ने दोनों सलामी बल्लेबाज सहित तीन विकेट चार रन के अंदर गंवा दिए।

ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा ने जिम्मा संभाला, चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। हैरिस ने 17 गेंद पर 38 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें 6 चौके और एक छक्का है। दीप्ति ने 20 गेंद पर चार चौकों से नाबाद 27 रन बनाए।

मैथ्यूज ने 47 गेंद पर 9 चौकों और एक छक्के से 55 रन बनाए। उन्होंने यास्तिका भाटिया (22 गेंद पर 26 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 50 और नेट साइवर ब्रंट (14 गेंद पर 19 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।

अमेलिया केर ने 16 गेंद पर 23, पूजा वस्त्रकर ने 12 गेंद पर 18 और इसी वांग ने 6 गेंद पर नाबाद 15 रन बनाए। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी के लिए चुने जाने के बाद धीमी शुरुआत की और पहले चार ओवर के बाद उसका स्कोर 13 रन था।

भाटिया ने अंजलि सर्वानी के अगले ओवर में तीन चौकों और एक छक्के से 18 रन बटोर कर रन गति तेज की जिससे मुंबई पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 36 रन बनाने में सफल रहा। मैथ्यूज ने पहले 6 ओवर में 17 गेंद पर 11 रन बनाए थे।

उन्होंने इसके बाद राजेश्वरी गायकवाड़ पर चौका और छक्का लगाकर अपने हाथ खोले। उन्होंने दीप्ति शर्मा के एक ओवर में तीन चौके लगाए।

मैथ्यूज जब 43 रन पर थी तब दीप्ति ने उनका आसान कैच छोड़ा। मैथ्यूज ने इसका फायदा उठाकर 44 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया, वह इसके बाद अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाई। मुंबई ने अंतिम चार ओवर में तीन विकेट गंवाए, 48 रन भी जोड़े जिससे टीम धीमी शुरुआत के बावजूद अच्छा स्कोर बनाने में सफल रही।