एनसीए में जल्द रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे मोहम्मद शमी
बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट के लिए टीम की घोषणा कर दी है। केएल राहुल चोट की वजह से पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए हैं। जसप्रीत बुमराह आखिरी मैच में वापसी करेंगे। बीसीसीआई ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की इंजरी को लेकर बड़ी अपडेट दी है। बोर्ड ने कहा है कि शमी जल्द ही एनसीए में रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे।
बीसीसीआई ने कहा कि मोहम्मद शमी 26 फरवरी को सर्जरी के बाद अच्छी तरह उबर रहे हैं। बीसीसीआई ने शमी के बारे में कहा, ”वह सर्जरी से उबर रहे हैं और जल्द ही रिहैबिलिटेशन शुरू करने के लिए बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) जाएंगे।

मोहम्मद शमी ने वनडे विश्व कप 2023 फाइनल के बाद से भारत के लिए नहीं खेला है। शमी ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सात मैच में 24 विकेट चटकाए थे।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने विश्व कप में पेन किलर वाले इंजेक्शन के साथ टूर्नामेंट खेला था, उसके बाद से उन्होंने भारत के लिए क्रिकेट मैदान पर कदम नहीं रखा है। बताते चले कि शमी एड़ी की समस्या से जूझ रहे थे।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अस्पताल से एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें वह बेड पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और अपनी सर्जरी को लेकर अपडेट दी थी। ऑपरेशन के सफल होने के साथ ही पूरी तरह ठीक होने में कुछ समय लगने और फिर जल्द ही खेल के मैदान पर वापसी की बात उन्होंने लिखी थी।