Trending

महिला प्रीमियर लीग : दिल्ली की जीत, स्मृति मंधाना का अर्धशतक बेकार

कप्तान स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के काम नहीं आ सकी जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग में 25 रन से जीत दर्ज की। शेफाली वर्मा (50 रन) से दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकट पर 194 रन बनाए।

मंधाना ने 43 गेंद में 74 रन की पारी खेली जिसमें 10 चौके और तीन छक्के जड़े थे, उनके अर्धशतक के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर नौ विकेट पर 169 रन ही बना सकी। पहले दो मैच में जीतने वाली आरसीबी की जीत की लय टूट गयी।

Credits : Espncricinfo

मंधाना के अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। मंधाना और सोफी डेविने (23 रन) ने पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरूआत करायी जिससे लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं दिख रहा था।

डेविने के आउट होने पर यह भागीदारी टूटी, मंधाना ने ऋचा घोष (13 गेंद, 19 रन, दो छक्के) के साथ 45 रन जोड़े, पर वह मारिजाने काप (35 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर आउट हो गयीं।

घोष ने दो छक्के जड़कर उम्मीदें जगायीं, 15वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुई, तब स्कोर तीन विकेट पर 138 रन था। टीम ने छह विकेट 30 रन के अंदर गंवा दिये। स्पिनर जेस जोनासेन ने 21 रन देकर तीन विकेट झटके और अरूंधती रेड्डी ने दो विकेट प्राप्त किये।

शेफाली ने 31 गेंद का सामना करते हुए पारी के दौरान तीन चौके और चार छक्के जमाये। उन्होंने कप्तान मेग लेनिंग के शुरू में ही आउट होने के बाद एलीस कैप्से (6 रन) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 82 रन की भागीदारी निभायी।

मरिजाने काप ने 16 गेंद में दो चौके और तीन छक्के से 32 रन, जेसन जोनासेल ने 16 गेंद में चार चौके और दो छक्के से नाबाद 36 रन बनाये। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 58 रन की भागीदारी निभायी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को ऑल राउंडर एलिसे पैरी के बीमार होने के कारण आराम कराना पड़ा और उनकी जगह नादिने डि क्लर्क को शामिल किया।

शेफाली जब दो रन के स्कोर पर थीं, तब तेज गेंदबाज रेणुका सिंह की गेंद पर श्रेयंका पाटिल ने उन्हें जीवनदान दिया। शेफाली ने स्पिनर सोफ मोलिनेक्स पर लगातार गेंद पर एक चौका और एक छक्का जड़ा।

कैप्से का शॉट चयन शानदार रहा, उन्होंने रिवर्स स्वीप और स्कूप शॉट से रन जुटाये। शेफाली ने इस सत्र में दूसरा अर्धशतक ऑफ स्पिनर श्रेयंका पर मिड विकेट पर छक्का जड़कर पूरा किया। वह अगली ही गेंद पर आउट हुई। वह ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में मिड विकेट पर जॉर्जिया वारेहैम को कैच दे बैठीं।

डि क्लर्क ने शानदार यॉर्कर से कैप्से को आउट किया और जेमिमा रोड्रिग्स एक भी रन जोड़े बिना आउट हो गयीं। काप और जोनासेन ने 14वें से 18वें ओवर तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की गेंदबाजों का डटकर सामना किया और टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।