बालबर्नी की कप्तानी पारी, टेस्ट मैच में आयरलैंड की पहली जीत
आयरलैंड ने अबू धाबी में टेस्ट में अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया। ये आयरलैंड की पहली टेस्ट जीत है। 8 टेस्ट खेलने के बाद आय़रलैंड को पहली जीत मिली। 111 रन के टारगेट को आयरलैंड ने 4 विकेट पर हासिल कर लिया। कप्तान एंडी बालबर्नी ने 96 गेंद में नाबाद 58 रन की पारी खेली।
अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया
उनके अलावा लॉरकन टकर ने भी 57 गेंद में नाबाद 27 रन बनाए। मैच में 8 विकेट लेने वाले मार्क अडायर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अडायर ने पहली पारी में 5 और दूसरी में तीन विकेट लिए थे।

इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीता था और पहले बल्लेबाजी चुनी थी। अफगानिस्तान पहली पारी में 155 रन पर ही बना सकी थी। इब्राहिम जादरान (53) और करीम जनत (41) को छोड़ दें तो अफगानिस्तान का कोई बैटर बड़ी पारी नहीं खेल पाया था।
मार्क अडायर ने 39 रन देकर 5 विकेट झटके थे। जवाब में आयरलैंड ने पहली पारी में 263 रन बनाए थे। आयरलैंड से पॉल स्टर्लिंग ने 52 और कर्टिस कैंफर ने 49 रन की पारी खेली थी। निचले क्रम में आकर लॉरकन टकर ने 46 और एंडी मैकब्रिन ने 38 रन जोड़े थे।

अफगानिस्तान से जिया उर रहमान ने 5 और नवीद जादरान ने तीन विकेट लिए थे। आय़रलैंड ने पहली पारी में 108 रन की बढ़त ली थी। दूसरी पारी में अफगानिस्तान 218 रन पर ऑल आउट हो गई थी।
पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले अडायर ने तीन विकेट झटके थे। आयरलैंड को 111 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 4 विकेट में हासिल कर लिया। आयरलैंड ने 40 रन के भीतर ही 4 विकेट गंवा दिए थे। एंडी बालबर्नी और लॉरकन टकर टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।