ओलंपिक कोटा जीतने के लिए रिंग में उतरेंगे भारतीय मुक्केबाज
अनुभवी भारतीय मुक्केबाज शिव थापा, दीपक भोरिया और निशांत देव सहित नौ भारतीय मुक्केबाज रविवार से इटली के बस्टो अर्सिजियो में शुरू होने वाले पहले विश्व क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट में ओलंपिक कोटा हासिल करने के लिए रिंग में उतरेंगे.
भारत के सात पुरुष और दो महिला बॉक्सिंग प्लेयर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के कार्यकारी बोर्ड द्वारा बनाई गई तदर्थ संस्था पेरिस 2024 मुक्केबाजी इकाई (पीबीयू) द्वारा आयोजित हो रहे क्वालीफायर में ओलंपिक स्थान हासिल करने का लक्ष्य बनाए होंगे.

टूर्नामेंट में 49 कोटा स्थान दांव पर होंगे और एक मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचकर ओलंपिक का टिकट पक्का कर लेगा. महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में ओलंपिक स्थान तय करने के लिए सेमीफाइनल हारने वाली मुक्केबाजों के बीच ‘बॉक्स ऑफ’ (मुकाबला) होगा, तीन स्थान दांव पर लगे हैं.
कई मुक्केबाजों ने संबंधित महाद्वीपीय टूर्नामेंट से कोटा स्थान हासिल कर लिये हैं कुछ विश्व स्तरीय मुक्केबाज इटली में ऐसा करना चाहेंगे. भारतीय उम्मीदों की अगुवाई 2023 विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता भोरिया (51 किग्रा), मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) और देव (71 किग्रा) की तिकड़ी करेगी.
भोरिया और देव भार वर्ग में मजबूत दावेदार हैं. राष्ट्रमंडल खेल के दो बार के कांस्य पदक विजेता हुसामुद्दीन घुटने की सर्जरी के बाद पिछले साल विश्व चैंपियनशिप के बाद पहली बार रिंग में उतरेंगे.
थापा (63.5 किग्रा) के साथ पूर्व एशियाई चैम्पियन संजीत (92 किग्रा) से काफी उम्मीदें लगी होंगी. सुपर हैवीवेट मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल (+92 किग्रा) भी प्रबल दावेदार हैं. वह एशियाई महाद्वीप के मुक्केबाजों के लिए पहली क्वालीफाइंग प्रतियोगिता एशियाड में सभी भारतीय पुरुष मुक्केबाजों के बीच कोटा हासिल करने के करीब पहुंचे.
महिलाओं में जैस्मीन लम्बोरिया को 60 किग्रा वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा मिलेगी. पूर्व युवा विश्व चैम्पियन अंकुशिता बोरो (66 किग्रा) को अरुंधति चौधरी की जगह मौका मिला है.
दो बार की विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (50 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), परवीन हुडा (57 किग्रा) और टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) पहले ही कोटा हासिल कर चुकी हैं. मुक्केबाजों को थाईलैंड में मई-जून में अंतिम क्वालीफाइंग प्रतियोगिता से भी पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा.
भारत (मुक्केबाजों का दल)
महिला: जैस्मीन लम्बोरिया (60 किग्रा), अंकुशिता बोरो (66 किग्रा).
पुरुष: दीपक भोरिया (51 किग्रा), मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा), शिव थापा (63.5 किग्रा), निशांत देव (71 किग्रा), लक्ष्य चाहर (80 किग्रा), संजीत (92 किग्रा), नरेंद्र बेरवाल (+92 किग्रा).