Trending

पहला टेस्ट : ऑस्ट्रेलिया की 172 रन से जीत, 8 साल बाद न्यूजीलैंड को घर में हराया

पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट में 172 रनों से हराकर दो मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। कंगारुओं ने मेजबानों के सामने जीत के लिए 369 रनों का लक्ष्य रखा था, इस स्कोर के आगे कीवी टीम 196 रनों पर ही सिमट गई।

ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को घर में घुसकर 8 साल बाद हराया है, इससे पहले उन्हें न्यूजीलैंड की सरजमीं पर आखिरी जीत 2016 में मिली थी। ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो कैमरून ग्रीन रहे जिन्होंने इस मुश्किल पिच पर 174 रनों की नाबाद पारी खेली।

Credits : Espncricinfo

इस पारी के दौरान उन्होंने 10वें विकेट के लिए जोश हेजल वुड के साथ 116 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी भी की थी। ग्रीन को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लायन चमके, जिन्होंने पूरे मैच में 10 विकेट चटकाए।

पहली पारी में उन्हें 4 सफलताएं मिली तो वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 6 कीवी बल्लेबाजों का शिकार किया। पिछले 2 दशक में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें कंगारुओं की यह 17वीं जीत है। ऑस्ट्रेलिया इस दौरान मात्र एक ही टेस्ट कीवी टीम से हारा है।

न्यूजीलैंड की की मुख्य वजह उनके बल्लेबाज बने, दोनों पारियों में एक भी बार टीम 200 रन का आंकड़ा नहीं छू पाई। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कैमरोन ग्रीन (174) की शतकीय पारी से 383 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर के आगे न्यूजीलैंड पहली पारी में 179 रनों पर ढेर हो गई थी।

Credits : Espncricinfo

कंगारुओं को पहली पारी के बाद 204 रनों की अच्छी खासी बढ़त मिली थी। ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में बड़ा स्कोर नहीं कर पाई। न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी करते हुए मेहमानों को दूसरी पारी में मात्र 164 रनों पर समेट दिया था। ग्लेन फिलिप्स इस दौरान गेंदबाजी में चमके थे, उन्होंने करियर का पहला 5 विकेट हॉल लिया था।

मेजबानों को जीत के लिए 369 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम की शुरुआत इस दौरान भी बेहद खराब रही थी। 59 के स्कोर पर केन विलियमसन समेत टॉम लैथम और विल यंग के रूप में टीम ने तीन बड़े विकेट खो दिए थे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक रचिन रविंद्र (59) और डेरिल मिचेल (38) ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाल लिया था और चौथा विकेट नहीं गिरने दिया था।

न्यूजीलैंड ने चौथे दिन की शुरुआत 3 विकेट पर 111 रनों से की थी। उम्मीद जताई जा रही थी कि मेजबान टीम आखिरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को टक्कर देगी, चौथे दिन के पहले सेशन में ही कंगारुओं ने न्यूजीलैंड को समेट दिया। न्यूजीलैंड दूसरी पारी में 196 रनों पर ऑलआउट हुआ और ऑस्ट्रेलिया ने 172 रनों से यह मुकाबला जीता।