रणजी सेमीफाइनल : मुंबई से शार्दूल ने जड़ा शतक, विदर्भ के 170 रन, जवाब में मध्य प्रदेश के 252 रन
रणजी ट्रॉफी में पहला सेमीफाइनल मध्य प्रदेश और विदर्भ के बीच हो रहा है। दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई टीम तमिलनाडु का सामना कर रही है।
मैच के दूसरे दिन रविवार को मुंबई के लिए शार्दूल ठाकुर ने शतक लगाया। शार्दूल की फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह पहली सेंचुरी है। टीम इंडिया से बाहर चल रहे मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर पहली पारी में फेल रहे। टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे दिन मुंबई से शार्दूल ठाकुर ने सेंचुरी लगाई। 9वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे शार्दूल ने 105 बॉल पर 109 रन बनाए।

उनके अलावा सरफाराज खान के छोटे भाई मुशीर खान 55 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने नौ विकेट पर 353 रन बना लिए हैं। तनुष कोटियान 74 और तुषार देशपांडे 17 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
मुंबई की पहली पारी में श्रेयस अय्यर 3 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें तमिलनाडु के राइट आर्म मीडियम पेसर संदीप वॉरियर ने बोल्ड किया। तमिलनाडु के लिए अब तक कप्तान साई किशोर ने 6 विकेट लिए। कुलदीप सेन ने 2 विकेट झटके। जबकि संदीप वॉरियर को 1 विकेट मिला।
सीजन के पहले सेमीफाइनल के दूसरे दिन मध्य प्रदेश के हिमांशु मंत्री ने विदर्भ के खिलाफ पहली पारी में शतक लगाया। मध्य प्रदेश ने 47/1 के स्कोर को आगे बढ़ाया। टीम पहली पारी में 252 रन पर ऑलआउट हो गई। विदर्भ पहली पारी 170 रन पर सिमट गई थी।
दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 13 रन बना लिए हैं। इस सीजन दिल्ली से विदर्भ में शामिल हुए ध्रुव शोरे 10 रन और अक्षय वाखरे 1 रन बनाकर नाबाद लौटें।
मध्य प्रदेश की टीम के लिए पहली पारी में हिमांशु मंत्री ने 265 बॉल पर 126 रन की पारी खेली। उनके अलावा सारांश जैन 30, सागर सोलंकी 26, हर्ष गावली 25 और यश दुबे ने 11 रन बनाए।
इन प्लेयर्स के अलावा छह खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। विदर्भ के लिए उमेश यादव और यश ठाकुर ने 3-3 विकेट लिए। अक्षय वाखरे को 2 सफलताएं मिलीं। आदित्य सरवटे को 1 विकेट मिला।