महिला प्रीमियर लीग : लैनिंग, जोस व राधा यादव ने दिल्ली को दिलाई जीत
कप्तान मेग लैनिंग (55) के अर्धशतक के बाद जोस जोनासन (22 रन पर चार विकेट) और राधा यादव (20 रन पर चार विकेट) की स्पिन गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स को 25 रन से हराया।
दिल्ली ने आठ विकेट पर 163 रन बनाने के बाद गुजरात को आठ विकेट पर 138 रन पर रोक दिया। दिल्ली की चार मैचों में यह तीसरी जीत है और तालिका में शीर्ष पर है। गुजरात को पहली जीत का इंतजार है।

लैनिंग ने 41 गेंद में छह चौके और एक छक्के से 55 रन की पारी खेली। उन्हें एलिस कैपसी (17 गेंद में 37 रन) का अच्छा साथ मिला। प्लेयर ऑफ द मैच जोनासन ने गेंद से कमाल करने से पहले बल्ले से सात गेंद में 11 रन बनाए।
गुजरात से मेघना सिंह ने 37 रन देकर चार विकेट चटकाये। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के लिए एश्लीघ गार्डनर के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर करने में विफल रहा। गार्डनर ने 31 गेंद में 40 रन बनाए।
दोनों टीमें इस मैच में दो-दो बदलाव के साथ आई। गुजरात ने चोटिल हरलीन देयोल और स्नेहा राणा की जगह तरन्नुम पठान और वेदा कृष्णमूर्ति को शामिल किया, दिल्ली ने मारिजाने काप और मीनू मणि को आराम दिया और एनाबेल सदरलैंड और तेज गेंदबाज टिटास साधु को टीम में शामिल किया।
लक्ष्य का बचाव करते हुए टिटास ने पहला ओवर मेडन दिया, दूसरे ओवर में शिखा पांडे (28 रन पर एक विकेट) ने लॉरा वुलफार्ट को खाता खेले बिना पवेलियन की राह दिखायी। फोबे लिचफील्ड (10 गेंद में 15 रन) ने टिटास के खिलाफ छक्का और चौका, कप्तान बेथ मूनी (14 गेंद में 12 रन) ने शिखा के खिलाफ तीन चौके जड़े।
पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आयी जोनासन ने दोनों बल्लेबाजों को चलता कर मैच पर दिल्ली का दबदबा बना दिया। उन्होंने मूनी को पगबाधा किया, लिचफील्ड सदरलैंड को कैच थमा बैठी।
अरुंधति रेड्डी की गेंद पर राधा यादव ने वेदा कृष्णामूर्ति का आसान कैच टपका दिया। राधा ने शिखा के हाथों उनकी 12 गेंद में 12 रन की पारी को खत्म किया। एश्लीघ गार्डनर ने अरुंधति के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर गुजरात की उम्मीदों को बनाये रखा।
10 ओवर के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 72 रन था। राधा ने अगले ओवर में ही कैथरीन ब्राइस (तीन रन) को पगबाधा कर दिया। जोनासेन ने गार्डनर को 15वें ओवर में स्टंप कराकर गुजरात की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया।
पहले बल्लेबाजी बुलाये जाने के बाद शेफाली वर्मा ने स्पिनर तनुजा कंवर के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर दिल्ली को तेज शुरुआत दिलायी। उनकी पारी लंबी नहीं चली। वह नौ गेंद में 13 रन बनाकर मेघना सिंह की गेंद पर आउट हुई।
लैनिंग ने दूसरे विकेट के लिए कैपसी के साथ 38 रन, जेमिमा रोड्रिग्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर चलायमान रखा। कैपसी ने 17 गेंद की पारी में पांच चौके लगाये, जेमिमा 10 गेंद में सात रन ही बना सकी।
जेमिमा की धीमी बल्लेबाजी के बीच लैनिंग ने ब्राइस के खिलाफ छक्का जड़ा। उन्होंने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह मेघना की गेंद पर दयालन हेमलता को कैच देकर पवेलियन लौटी।
लैनिंग के आउट होने के बाद दिल्ली की रन गति पर अंकुश लगा। टीम 15.2 ओवर से 19.3 ओवर तक एक भी चौका लगाने में विफल रही। गुजरात के पास दिल्ली को और कम स्कोर पर रोकने का मौका था, टीम ने लचर क्षेत्ररक्षण से कई कैच टपकाये।